Kanpur News: उत्तरीपुरा हादसे में इकलौते बेटे ओमजी की मौत से परिवार टूट गया है। जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलने और देर रात तक शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। वहीं, इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों बाइकों पर सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। तीनों युवकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।कानपुर में बिल्हौर के उत्तरीपुरा में पुरानी जीटी रोड पर यूनियन बैंक के सामने शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार दो बाइकों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को शिवराजपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तीनों युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस के मुताबिक दोनों बाइकों के सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। खजुरिया नेवादा गांव निवासी रघुवर (21) पुत्र महेश शुक्रवार की रात बुआ के लड़के राहुल और बहन कविता को बाइक पर बैठाकर उत्तरीपुरा कस्बे के शांति नगर मोहल्ला जा रहा था।
टक्कर लगने से सभी बाइक समेत दूर तक घिसटते गए
रात करीब 11:40 बजे यूनियन बैंक के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। इस बाइक पर उत्तरीपुरा निवासी जतिन (20) पुत्र सुनील राठौर और ओमजी (23) सिसोदिया सवार थे। दोनों बाइकों की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगने से सभी बाइक समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए।कविता और राहुल को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया
इस दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइकों के टकराने से हुई धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के बाद घायलों को शिवराजपुर सीएचसी भेजा। वहां डॉक्टरों ने रघुवर, जतिन और ओमजी को मृत घोषित कर दिया। कविता और राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।


