लखनऊ। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार रविवार को होने जा रहा है। अगले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए जातीय व क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश करेगी। जहां छह और मंत्री बनाए जा सकते हैं वहीं मौजूदा राज्यमंत्रियों में से कुछ को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। राज्यसभा चुनाव में सपा से बगावत करने वाले विधायकों में से दो को मंत्री पद का पुरस्कार मिल सकता है।
वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कुल 54 मंत्री। राज्य में अधिकतम 60 मंत्री बन सकते हैं। माना जा रहा है कि जातीय व क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए छह रिक्त पदों को भरा जाएगा।
पूजा पाल को मंत्री बनाया जा सकता है
राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा प्रत्याशी को वोट देने वाले रायबरेली से मनोज पांडेय और कौशाम्बी से पूजा पाल को मंत्री बनाया जा सकता है।
मनोज सपा सरकार में भी मंत्री रहे हैं। कुछ को मंत्री पद से हटाकर जहां संगठन में भेजने की भी चर्चा है वहीं संगठन से कुछ को मंत्री भी बनाया जा सकता है।
शनिवार को बंगाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद लखनऊ लौटे मुख्यमंत्री योगी शाम को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलने जनभवन पहुंचे। मुलाकात के साथ ही बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को अपराह्न तीन बजे होना तय हो गया।


