लखनऊ। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ प्रदेश में अब कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। इसके चलते लखनऊ सहित सभी जिलों में आगामी दो दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। इसके बाद आगामी एक सप्ताह तक तापमान में 6-8° सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि इस दौरान लू नहीं चलेगी।
इधर शनिवार को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वर्षा तो नहीं हुई लेकिन तेज हवा संग आते-जाते बादलों ने दिन के अधिकतम तापमान में कमी ला दी। सुबह लगभग 10 बजे तक बादल छाए रहे, फिर धूप निकल आई। पूरे दिन बादलों का आना-जाना लगा रहा। इस बीच 12 से 26 किमी प्रति घंटा तक के वेग से पुरवा हवाएं पूरे दिन चलती रहीं।
इसके चलते अधिकतम तापमान बीते 24 घंटों की अपेक्षा 1.8 डिग्री सेल्सियस घट कर सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे 37.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर बाबतपुर में 1.5 डिग्री सेल्सियस घटकर अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे 22.3 रहा। पूरे दिन चली पुरवा हवाओं के चलते वातावरण की आर्द्रता में वृद्धि हुई और यह 74 से 43 प्रतिशत के बीच रही।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अभी तूफानी हवाओं और बादल, वर्षा की संभावना पूरी तरह छटी नहीं है। परवा हवा के चलते आ रही नमी किसी भी दिन दोपहर बाद तफानी बादल बनकर गरज-चमक के साथ बरस सकती है।


