कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के पासीखेड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान मिठाई को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बारात में मारपीट हो गई। आरोप है कि खाना परोसने के दौरान दो की जगह चार काला जाम मांगने पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में बदल गई। हमले में एक बुजुर्ग का सिर फट गया, जबकि दूसरे युवक के दो दांत टूट गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
पासीखेड़ा निवासी देवी प्रसाद कुरील की बेटी पूजा की बारात शनिवार रात आई थी। भोजन के दौरान ननका कुरील लोगों को खाना परोस रहे थे और उन्हें प्रति व्यक्ति दो काला जाम देने के निर्देश थे। आरोप है कि गांव के छोटू कुरील और उसके भाई रोहित ने चार काला जाम मांगे। मना करने पर विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी। पीड़ित सत्यपाल कुरील के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल साढ़ थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


