कानपुर में दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर ट्रेनों का बढ़ता दबाव कम करने के लिए मंधना से पनकी तक करीब 18 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन बिछाने की योजना पर रेलवे ने काम तेज कर दिया है। इस रेल लाइन को वैकल्पिक रेल मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। रेलवे ने इसके अंतिम लोकेशन सर्वे के लिए 23 लाख रुपए का बजट जारी कर दिया है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा।
रेलवे पहले ही मंधना से अनवरगंज तक एलिवेटेड ट्रैक परियोजना का टेंडर फाइनल कर चुका है। अब पनकी से मंधना तक नई लाइन जोड़कर कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने की तैयारी है। इससे मुख्य रेल मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आपदा या तकनीकी खराबी की स्थिति में ट्रेनों का संचालन बाधित नहीं होगा।


