फफूंद। थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने दो अलग-अलग गांवों में स्थित दो घरों में घुसकर करीब 37 लाख के जेवर और नकदी पार कर दी।एक रात में हुई चोरी की इन दो बड़ी वारदातों से दोनों गांवों में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
पहला मामला गांव मुढ़ी का है, जहां राजीव त्रिपाठी के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने पीछे की गली से जिंगले की सरिया काटी और घर के अंदर पहुंचे। इसके बाद वे जीने के रास्ते पहली मंजिल पर स्थित कमरे में पहुंचे। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर जेवर और 10 हजार रुपये नकद पार कर दिए।
पीड़ित अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 22 लाख रुपये है। वारदात के वक्त परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि चोरी की यह घटना देर रात अंजाम दिया।वहीं दूसरी घटना गांव खोयला की है। यहां विपेंद्र सिंह यादव के घर चोरों ने घटना का अंजाम दिया। यहां चोर सीधे कमरे के रास्ते अंदर पहुंचे, जिस वक्त चोर वारदात को अंजाम दे रहे थे, उस समय विपेंद्र की पत्नी दीप्ति अपने दो बच्चों के साथ उसी कमरे में सो रही थीं। चोरों ने अलमारी ताला तोड़ा और उसमें रखे कीमती जेवरात व 10 हजार रुपये नकद पार कर दिए।
पीड़ित के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। चोरी की बड़ी वारदात के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दोनों मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द चोरों की पहचान करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
——-
दूसरे दिन चोरों ने लाखों के जेवर व नकदी की पार
कुदरकोट। थाना क्षेत्र के गांव चन्हैया में हुई चोरी के ठीक 24 घंटे बाद शुक्रवार की रात चोरों ने गांव गढ़वाना में एक घर को निशाना बनाया। चोर यहां से लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गढ़वाना निवासी श्याम बाबू और उनके बड़े भाई औसान सिंह अपनी दवा लेने कानपुर गए हुए थे। घर पर महिलाएं और बच्चे अकेले थे। शुक्रवार की रात श्याम बाबू की पत्नी मोनी अपने बेटे रमन के साथ छत पर सो रही थी जबकि नीचे बरामदे में रमन की दादी भगवती सो रही थीं। इसी दौरान देर रात चोर दीवार फांदकर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरों में रखे बक्सों के ताले तोड़कर अलमारी में रखी नकदी और जेवर पार कर दिए।
शनिवार सुबह करीब छह बजे जब मोनी छत से नीचे उतरी, तो कमरे में सामान बिखरा मिला। पीड़ित के अनुसार चोर सोने की पांच अंगूठियां, एक हार, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल, तीन करधनी, दो जोड़ी तोड़िया, एक जोड़ी झाले और एक हजार रुपये की नकद पार कर ले गए। लगातार दो दिन हुई चोरी से लोगों में गुस्सा के साथ दहशत है।
सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बातया कि पुलिस टीम को लगाया गया। आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। (संवाद)

फोटो-19- गांव मुढ़ी में चोरों द्वारा काटा गया जंगला दिखाता पीड़ित। संवाद

फोटो-19- गांव मुढ़ी में चोरों द्वारा काटा गया जंगला दिखाता पीड़ित