विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान का मुकाबला एजबेस्टन स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा। टूर्नामेंट में दोनों टीमों का यह पहला मैच होगा। भारत पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक पहुंचा था। वहीं पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया था।
भारत और पाकिस्तान के बीच 16 टी-20 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत ने 13 और पाकिस्तान ने 3 मैच जीते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 8 बार आमने-सामने हुई हैं। भारत ने 6 और पाकिस्तान ने 2 मैच जीते हैं।
पिछले साल पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम अब टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर लगातार दूसरा ICC खिताब हासिल करना चाहेगी। वहीं पाकिस्तान की टीम हाल ही में बांग्लादेश को टी-20 सीरीज में 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहुंची है।

फातिमा की फिटनेस पर सस्पेंस
शनिवार को प्रैक्टिस के दौरान पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना चोटिल हो गईं। टीममेट आयशा जफर का शॉट उनके दाएं घुटने पर लगा। चोट के बाद वे अभ्यास नहीं कर सकीं। उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है।
शेफाली-मंधाना पर बड़ी जिम्मेदारी
- भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका टॉप ऑर्डर है। शेफाली वर्मा 1 जनवरी 2025 के बाद भारत की सबसे सफल बैटर रही हैं। उन्होंने 21 मैचों में 677 रन बनाए, 6 अर्धशतक लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 159.29 रहा। वहीं स्मृति मंधाना ने 18 मैचों में 572 रन बनाए। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
- कप्तान हरमनप्रीत कौर भारत की सबसे अनुभवी खिलाड़ी होंगी। उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के 19 मुकाबलों में 13 जीते और 6 हारे हैं। हरमनप्रीत ने 2025 के बाद 19 मैचों में 486 रन बनाए हैं। जेमिमा रोड्रिग्स (465 रन), ऋचा घोष (268 रन) और दीप्ति शर्मा मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते हैं।
- गेंदबाजी में श्री चरणी ने 2025 के बाद 20 मैचों में 28 विकेट लिए हैं। दीप्ति शर्मा 23 और अरुंधति रेड्डी 20 विकेट के साथ उनका साथ दे रही हैं।
तीसरे नंबर पर किसे मौका?
भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए टीम सिलेक्शन भी सिरदर्द बना हुआ है। तीसरे नंबर पर यस्तिका भाटिया और भारती फुलमाली में से किसी एक को मौका मिल सकता है। दोनों खिलाड़ियों ने हाल के महीनों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
पाकिस्तान के लिए फातिमा सबसे बड़ी उम्मीद
- पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना टीम की सबसे अहम खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2025 के बाद 12 मैचों में 335 रन बनाए हैं और 13 विकेट लिए हैं। उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 183.06 रहा है। हाल ही में उन्होंने विमेंस टी-20 का सबसे तेज अर्धशतक लगाया था। फातिमा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 15 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।
- पाकिस्तान की बल्लेबाजी में मुनीबा अली, आयशा जफर और आलिया रियाज अहम भूमिका निभाएंगी। मुनीबा अली ने 12 मैचों में 291 रन बनाए हैं, जबकि आयशा जफर के नाम एक शतक है।21 साल की इमन फातिमा टीम की उभरती हुई बल्लेबाज हैं। वह 2023 अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं।
- गेंदबाजी में पाकिस्तान की सबसे बड़ी ताकत उसकी स्पिन तिकड़ी होगी। सादिया इकबाल ने 12 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। फातिमा सना के नाम 13 विकेट हैं, जबकि नशरा संधू 9 विकेट ले चुकी हैं। तुबा हसन बीच के ओवरों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
मौसम साफ रहेगा
बर्मिंघम में रविवार को मौसम क्रिकेट के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है। तापमान 10 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बारिश की संभावना 20 प्रतिशत है। हालांकि बादल और हवा के कारण शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है।
एजबेस्टन की पिच कैसी रहेगी?
21 हजार दर्शकों की क्षमता वाले एजबेस्टन स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद देती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मूवमेंट मिलता है, जबकि मैच आगे बढ़ने पर स्पिनरों की भूमिका बढ़ती है।
इस मैदान पर महिला टी-20 इंटरनेशनल में पहली पारी का औसत स्कोर 145 रन है। 150 से ज्यादा का स्कोर चैलेंजिंग माना जाता है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 10 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम 9 मुकाबले जीत चुकी है।
पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया/भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी।
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), इमन फातिमा, इरम जावेद, तुबा हसन, डायना बेग, नशरा संधू, सादिया इकबाल।
कहां देख सकेंगे मैच
मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी। दैनिक भास्कर एप पर भी आप मैच का LIVE ब्लॉग, मोमेंट्स, रिकॉर्ड्स पढ़ सकते हैं।
———————————————
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप की यह खबर भी पढ़िए…
6 प्लेयर्स भारत को चैंपियन बना सकती हैं; हरमन सबसे सफल कप्तान, दीप्ति टॉप ऑलराउंडर

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला मैच कल पाकिस्तान से होगा। पिछले ही साल वनडे वर्ल्डकप जीत चुकी हरमनप्रीत की ये टीम टी-20 वर्ल्डकप की भी सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है। उसमें अनुभव, फॉर्म और युवा जोश का बेहतरीन मिश्रण है। हरमनप्रीत टी-20 इंटरनेशनल में सबसे सफल कप्तान हैं। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की विस्फोट ओपनिंग जोड़ी है।


