फफूंद (औरैया)। कस्बे के पाता बाईपास पर बिना पंजीकरण के संचालित किए जा रहे एक कथित अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। शिकायत मिलने पर दिबियापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने टीम के साथ छापा मारकर अस्पताल को सील कर दिया।
बताया गया है कि बाईपास पर एक दुकान में एक बी.फार्मा का छात्र बिना किसी वैध पंजीकरण और चिकित्सकीय अनुमति के मरीजों का इलाज कर रहा था। शिकायत मिलने पर मंगलवार को अधीक्षक डॉ. विजय आनंद मौके पर पहुंचे तो एक युवक मरीजों को दवाइयां देता हुआ मिला।अधीक्षक ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम उमाशंकर और बी. फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र बताया। जांच के दौरान अस्पताल संचालन से संबंधित कोई वैध पंजीकरण या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।


