Thursday, June 18, 2026

मम्मी को बचाना है और…: न्यूयॉर्क में भारतीय किशोर ने मां की जान बचाते गंवाई जिंदगी, रुला देगा वीडियो

यह भी पढ़े

New York: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। प्रसिद्ध Central Park में घोड़ा बग्गी हादसे के दौरान अपनी मां को बचाने की कोशिश में 18 वर्षीय भारतीय किशोर  रोमांच महाजन की मौत हो गई। रोमांच अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ पहली बार न्यूयॉर्क घूमने आया था। परिवार ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि यह यात्रा उनकी जिंदगी की सबसे दर्दनाक याद बन जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, परिवार सेंट्रल पार्क में घोड़ा बग्गी की सवारी कर रहा था। इसी दौरान चालक ने परिवार की तस्वीर लेने के लिए बग्गी को रोका।  अचानक घोड़ा किसी वजह से बिदक गया और बेकाबू होकर सड़क और पार्क के रास्तों पर तेजी से दौड़ने लगा। बग्गी में बैठे परिवार के सदस्य एक-दूसरे को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान रोमांच की मां प्रिया महाजन गाड़ी से नीचे गिर गईं।

 

पिता दीपक महाजन के अनुसार, परिवार मदद के लिए चीख रहा था। जैसे ही मां नीचे गिरीं, रोमांच उन्हें बचाने के लिए तुरंत चलती बग्गी से कूद पड़ा। परिजनों के मुताबिक वह लगातार “मम्मी… मम्मी…” चिल्ला रहा था और अपनी मां तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था।  प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शोर और अफरा-तफरी से घबराकर घोड़ा और तेज दौड़ने लगा। कुछ ही क्षणों बाद बग्गी पलट गई और हादसा और भी गंभीर हो गया। हादसे में रोमांच के सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां NewYork-Presbyterian Weill Cornell Medical Center में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर, उनकी मां, पिता और छोटे भाई को मामूली चोटें आईं और उनकी जान बच गई।

जो परिवार पहली बार न्यूयॉर्क की यादगार यात्रा के सपने लेकर अमेरिका पहुंचा था, वह अब अपने जवान बेटे को खोने के असहनीय दुख से गुजर रहा है। रोमांच की बहादुरी ने कई लोगों को भावुक कर दिया है। जिस उम्र में युवा अपने भविष्य के सपने देखते हैं, उस उम्र में उसने अपनी मां की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि बग्गी चालक को फिलहाल अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि घोड़ा अचानक बेकाबू कैसे हुआ।

 

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे