Saturday, June 13, 2026
Home Blog

मौत के मुंह तक ले गया इंस्टाग्राम का इश्क: ‘जीने का मन नहीं करता’, भेजे वॉयस मैसेज; और फिर इस हाल में मिली लाश

0

राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग के पास जंगल में एक पेड़ की डाल से दुपट्टे के सहारे युवक का शव लटका मिला। मोबाइल फोन और आधार कार्ड की मदद से पुलिस ने उसकी पहचान की। उसकी पहचान बदायूं के हरगनपुर गांव, पोस्ट-सिरासौल, बिल्सी निवासी अमन (20) के रूप में हुई।

घटना निगोहां थाना क्षेत्र के ब्रह्मदासपुर गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। पुलिस को मोबाइल फोन से कुछ वॉइस मैसेज भी मिले हैं। पुलिस का दावा है कि अमन ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। युवती निगोहां और मोहनलालगंज क्षेत्र के बीच के किसी गांव की रहने वाली बताई जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। 

रोहतक में मजदूरी करता था अमन

शनिवार सुबह करीब 6.00 बजे ग्रामीणों ने अमन का शव पेड़ से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल फोन और आधार कार्ड की मदद से उसकी पहचान करके परिजनों को जानकारी दी। पिता राजेश ने पुलिस को बताया कि अमन हरियाणा के रोहतक में मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम करीब 8.00 बजे उनकी उससे बात हुई थी। उस समय वह काफी परेशान लग रहा था।

उन्होंने अमन से घर आने के लिए कहा था, लेकिन उसने साफ मना कर दिया था। शनिवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी मिली। मौके से पुलिस को बैग भी मिला है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। एफएसएल टीम ने मौके से कुछ नमूने एकत्र करके जांच के लिए भेजे हैं।

वॉइस मैसेज से आत्महत्या की आशंका

पुलिस का कहना है कि अमन के मोबाइल फोन की जांच में कुछ वॉइस मैसेज मिले हैं। ये मैसेज उसने दो-तीन दिन पहले अपने कुछ परिचितों को भेजे थे। इसमें उसने कहा था कि उसका जीने का मन नहीं कर रहा है। मोबाइल फोन में ‘जान आई लव’ और ‘लव यू-2’ नाम से दो नंबर भी सेव मिले हैं।

जांच में पुलिस को यह भी पता चला है कि अमन ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। सूत्रों के अनुसार, अमन की इंस्टाग्राम के माध्यम से निगोहां और मोहनलालगंज क्षेत्र के बीच रहने वाली एक युवती से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था।

परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया

एसआई संदीप मिश्रा ने बताया कि अमन के परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। परिजन लखनऊ आ रहे हैं। यदि वे कोई तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

चिड़ियाघर बना ‘लॉन्ग लाइफ जोन’: पिंजरे में कैद, लेकिन उम्र में आजाद वन्यजीव; बेहतर भोजन-इलाज दे रहा लंबा जीवन

0

आधुनिक जीवनशैली में पौष्टिक भोजन, उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरुकता के बावजूद इंसान अक्सर अपनी औसत उम्र तक पहुंचने से पहले ही जिंदगी की दौड़ से बाहर हो जा रहा है। लेकिन, वन्यजीवों की दुनिया में तस्वीर कुछ अलग है। यहां कई ऐसे जीव हैं जो अपनी प्राकृतिक औसत उम्र को पीछे छोड़ते हुए लंबी जिंदगी जी रहे हैं।राजधानी लखनऊ स्थित नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) में वन्यजीवों के जीवनकाल पर किए गए अध्ययन में यह दिलचस्प तथ्य सामने आया है कि चिड़ियाघर के पिंजरों और बाड़ों में रह रहे कई वन्यजीव अपनी औसत प्राकृतिक उम्र से अधिक समय तक जीवित हैं। इसके पीछे बेहतर भोजन, नियमित चिकित्सकीय देखभाल और पूरी तरह सुरक्षित वातावरण को प्रमुख वजह माना गया है।

चिड़ियाघर प्रशासन ने शेर, हिप्पो, जिराफ और चिंपांजी समेत कई प्रमुख वन्यजीवों के जीवनकाल का अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि प्रत्येक जीव की उम्र, शारीरिक जरूरत और मौसम के अनुसार उसकी खुराक तय की जाती है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी उन्हें स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं जंगल की तरह यहां शिकारियों या अन्य प्राकृतिक खतरों का सामना भी नहीं करना पड़ता।

एक नजर में

 

वन्यजीव   जन्म उम्र औसत उम्र वजह
बब्बर शेरनी (वंसुधरा) 2006 19 वर्ष 14-15 वर्ष मौसम व उम्र के साथ खुराक में बदलाव, पूरी तरह सुरक्षित वातावरण
हिप्पो (धीरज) 1981 45 वर्ष 35-40 वर्ष वजन के मुताबिक चोकर, हरा चारा, खीरा और अन्य विशेष सुविधाएं
जिराफ (सुजाता) 2001 25 वर्ष 23-25 वर्ष चोकर, चना, हरी पत्तियां, दाना, नियमित देखभाल और अन्य जीवों से सुरक्षा
चिंपांजी (निकिथा) 1990 36 वर्ष 35-38 वर्ष हाई-टेक चिकित्सा, सुरक्षित माहौल और मौसम के अनुकूल पौष्टिक भोजन

जंगल से ज्यादा सुरक्षित है चिड़ियाघर का बाड़ा

जंगल में वन्यजीवों के अस्तित्व पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। उन्हें कभी अपने ही कुनबे के जीवों से तो कभी बाहरी शिकारियों से जूझना पड़ता है। इसके विपरीत, चिड़ियाघर के बाड़ों में वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। यहां उन्हें उनकी शारीरिक जरूरत के आधार पर मापा हुआ पौष्टिक आहार दिया जाता है और चौबीसों घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रहते हैं। -उत्कर्ष शुक्ला, वन्यजीव चिकित्सक व उप निदेशक, लखनऊ चिड़ियाघर

इंसानों से सीख, वन्यजीवों पर प्रयोग

लखनऊ चिड़ियाघर के निदेशक संजय कुमार बिस्वाल के मुताबिक वर्तमान में मनुष्यों की औसत उम्र लगभग 70 वर्ष है, लेकिन तनाव और अन्य कारणों से लोग समय से पहले ही काल के गाल में समा जाते हैं। वन्यजीवों के मामले में ऐसा नहीं है। चिड़ियाघर परिसर में इस समय दो दर्जन से अधिक ऐसे वन्यजीव मौजूद हैं, जो अपनी ढलती उम्र के बावजूद बेहतर देखरेख, प्यार और समय पर मिलने वाले इलाज की बदौलत लंबी और खुशहाल जिंदगी का आनंद ले रहे।

राम मंदिर दान विवाद: ट्रस्ट ने सीएम योगी से की मांग, एसआईटी गठित करके करवाएं जांच

0

यूपी के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में दान राशि के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में ट्रस्ट ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। ट्रस्ट ने अब सीएम योगी से एसआईटी गठित करके जांच करवाने की मांग की है। मामले का सबसे गंभीर पहलू यह माना जा रहा है कि कथित रूप से धनराशि लंबे समय तक मंदिर परिसर से बाहर जाती रही, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। जांच कमेटी अब यह भी पड़ताल करेगी कि सुरक्षा जांच, निगरानी व्यवस्था और प्रवेश-निकास नियंत्रण प्रणाली में आखिर कहां चूक हुई।

इतना ही नहीं सीसीटीवी कवरेज, सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी और निगरानी तंत्र की प्रभावशीलता भी जांच के दायरे में रहेगी। यदि सुरक्षा स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। 

जानें अभी तक इस पर क्या हुआ?

बताते चलें कि राम मंदिर के दानपात्र से धन गबन के आरोप में रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव में छापेमारी कर 10 से 12 लाख रुपये बरामद किए गए। कार्रवाई राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई। बरामदगी आरोपी लवकुश मिश्रा के घर से हुई, जो मंदिर में कर्मी के रूप में कार्यरत रहा है।

लवकुश के पिता बच्चूलाल ने बताया कि ट्रस्ट के तीन-चार लोग उनके घर पहुंचे और ताला तोड़कर नकदी अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस धन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी क्योंकि वे गाजियाबाद में रह रहे थे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फैजाबाद में बन रहे मकान का उनके बेटे से कोई संबंध नहीं है और मकान निर्माण के लिए उन्होंने 10-12 बीघा खेत गिरवी रखा है। ग्रामीणों के अनुसार, लवकुश पहले कार मिस्त्री था और मंदिर में नौकरी मिलने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति तेजी से बदली थी। वहीं गांव में यह भी चर्चा है कि कुछ रुपये घूर में छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया है।

लवकुश राम मंदिर में कर्मी के तौर पर कार्यरत रहा

आरोपी युवक लवकुश मिश्रा (27 वर्ष) राम मंदिर में कर्मी के तौर पर कार्यरत रहा। उस पर दानपात्र के चढ़ावे के पैसे का गबन करने का आरोप है। लवकुश के पिता बच्चूलाल ने बताया कि राम मंदिर से चंपत राय सहित तीन-चार लोग उनके घर आए थे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फैजाबाद में बन रहे मकान का उनके बेटे से कोई संबंध नहीं है। यह मकान उन्होंने अपनी जमीन गिरवी रखकर बनवाया है। मेरा लड़का पिछले 5-6 महीने से राम मंदिर में काम कर रहा था। उसे वहां रवि मिश्रा ने काम पर लगवाया था।

रवि मिश्रा हमारे समधी हैं। फैजाबाद में जिस मकान का निर्माण हो रहा है, उसके लिए हमने बहुत पहले जमीन खरीद ली थी। उस जमीन और मकान से मेरे लड़के का कोई लेना-देना नहीं है। मैं करीब 10-12 बीघा खेत गिरवी रखकर मकान बनवा रहा हूं। मेरा लड़का जो पैसा राम मंदिर से लेकर आया था, उसे जो लोग यहां आए थे, वे अपने साथ लेकर चले गए। अब उससे हमारा कोई मतलब नहीं है।

जसपाल राणा के निधन पर CM योगी ने जताया दुख, कहा- उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक मंच पर भारत को गौरव दिलाने वाले जसपाल राणा की असाधारण उपलब्धियां और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने में उनका योगदान हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने निशानेबाज के निधन पर शोक व्यक्त किया। राणा (49) का बृहस्पतिवार रात दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया।

आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”विश्वप्रसिद्ध भारतीय निशानेबाज, निशानेबाजी कोच, ‘पद्म श्री’ जसपाल राणा का निधन अत्यंत दु:खद एवं भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि।” उन्होंने कहा, ”वैश्विक पटल पर भारत को गौरवान्वित करने वाली उनकी असाधारण उपलब्धियां तथा युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वह उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।’

इंडिगो फ्लाइट में Bomb की अफवाह से अफरा-तफरी, शौचालय में नोट मिलने के बाद रोकी गई उड़ान… जांच में कुछ नहीं मिला

0

Lucknow News: लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में शुक्रवार को विलंब हो गया क्योंकि विमान में बम होने की झूठी धमकी की सूचना मिली। सूत्रों के अनुसार, लगभग 180 यात्रियों को लेकर यह उड़ान सुबह 10.45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन प्रस्थान से कुछ समय पहले ही चालक दल को संभावित बम धमकी की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद विमान को एप्रन पर रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन तलाशी अभियान शुरू किया।

एक अन्य सूत्र ने बताया कि विमान के शौचालय से एक टिशू पेपर मिला, जिस पर बम लिखा हुआ था, जिसके बाद अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि जांच में यह धमकी झूठी निकली। अधिकारियों ने बताया कि विमान की पूरी जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, आगे की कानूनी और सुरक्षा प्रक्रियाएं जारी हैं। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक उड़ान रवाना नहीं हुई थी।

राम मंदिर के बनने से अब तक के सभी वित्तीय लेन-देन को सार्वजनिक किया जाए: भाजपा नेता

0

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रजनीश सिंह ने अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी को लेकर हो रहे विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ के बनने के समय से लेकर अब तक के सभी वित्तीय लेन-देन और संपत्ति को सार्वजनिक करने की मांग की। सिंह ने शुक्रवार को भेजे पत्र में प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वह ट्रस्ट को निर्देश दें कि न्यास अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सभी आय, खर्च, दान, बैंक खातों, जमीन के लेन-देन और संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक करे।

करोड़ों भक्तों की श्रद्धा का प्रतीक राम मंदिर 
उन्होंने भगवान राम को सत्य, धर्म और जन-कल्याण का प्रतीक बताते हुए कहा कि राम के नाम पर काम करने वाली संस्थाओं को पारदर्शिता के उच्चतम मानकों का पालन करना चाहिए। उन्होंने पत्र में कहा, “देश-विदेश के करोड़ों भक्तों ने राम मंदिर के निर्माण के लिए अपनी आस्था और जीवन भर की कमाई का योगदान दिया है। यह धन किसी व्यक्ति, समूह या संस्था का नहीं है, बल्कि करोड़ों भक्तों की श्रद्धा का प्रतीक है।” सिंह ने कहा कि हर भक्त को यह जानने का ‘नैतिक और लोकतांत्रिक अधिकार’ है कि दान में मिले पैसे, गहनों और अन्य कीमती चीजों का इस्तेमाल कैसे किया गया है। भाजपा नेता की यह मांग मंदिर के दान के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं को लेकर बढ़ते विवाद के बीच आई है।

पूर्व सांसद ने मंदिर में चोरी को लेकर उठाए सवाल 
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बुधवार को दावा किया था कि उन्हें राम मंदिर में दान के कथित दुरुपयोग और चोरी के बारे में जानकारी थी लेकिन वे इसका विवरण बताने की स्थिति में नहीं थे। उन्होंने गोंडा में पत्रकारों से कहा था, “अगर मैं सच बोलूंगा, तो मुसीबत में पड़ जाऊंगा क्योंकि वे बहुत ताकतवर लोग हैं।” रजनीश सिंह ने पत्र में ‘समर्पण निधि’ अभियान के तहत जमा हुए फंड, नकद, चेक, ऑनलाइन अंतरण और दान पेटियों के जरिए मिले दान, सोना, चांदी व गहनों के रूप में मिले योगदान का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।

श्रद्धालु की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं
इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने इस मामले की जांच पहले ही शुरू कर दी है। शाही ने कहा, “ट्रस्ट अपने नियमों और कानूनों के अनुसार जरूरी कार्रवाई करेगा। ट्रस्ट इस मामले को लेकर पूरी तरह से जागरूक और सतर्क है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा की जाएगी और कहा, “किसी भी श्रद्धालु की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

अगर कहीं कोई कमी या गड़बड़ी है, तो उसकी जांच की जा रही है। शाही ने कहा कि राज्य सरकार अभी इस मामले में दखल नहीं दे रही है क्योंकि यह ट्रस्ट का मामला है। उन्होंने कहा, “अगर ट्रस्ट सरकार से किसी मदद या कार्रवाई की उम्मीद करता है, तो सरकार उस पर विचार करेगी।

आज का गुडलक, 12 राशियों के लिए शुभ संकेत और उपाय

0

आज का गुडलक (13th June 2026): 13 जून 2026 का दिन ग्रह-नक्षत्रों की दृष्टि से कई राशियों के लिए विशेष अवसर लेकर आया है। चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति के अनुसार आज कुछ राशियों को धन लाभ, कुछ को करियर में उन्नति और कुछ को पारिवारिक सुख प्राप्त होने के योग बन रहे हैं। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का आज का गुडलक और विशेष उपाय।

मेष (Aries) आज आपके साहस में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में आपकी प्रशंसा होगी। नए निवेश के लिए दिन शुभ है।
गुडलक टिप: गाय को हरा चारा खिलाएं और ‘ॐ बुं बुधाय नमः’ का जाप करें।

वृषभ (Taurus) आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। परिवार के साथ सुखद समय बीतेगा। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा।
गुडलक टिप: शिवलिंग पर दूध अर्पित करें और शिव पंचाक्षर मंत्र का पाठ करें।

मिथुन (Gemini) वाणी पर नियंत्रण रखें, धन लाभ के योग हैं। रचनात्मक कार्यों में रुचि लें। नेतृत्व क्षमता में सुधार होगा।
गुडलक टिप: ठंडे पदार्थों के सेवन से बचें।

कर्क (Cancer) व्यापार में नई योजनाएं सफल होंगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। सेहत का ध्यान रखें।
गुडलक टिप: सूर्योदय के समय तांबे के लोटे से जल दें।

सिंह (Leo) दांपत्य जीवन में मधुरता आएगी। सुख-सुविधाओं पर खर्च होगा। पुराने मित्रों से मुलाकात लाभदायक रहेगी।
गुडलक टिप: सफेद वस्त्र धारण करना शुभ रहेगा।

कन्या (Virgo) अचानक धन लाभ की संभावना है। गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें। शिक्षा और करियर में सफलता मिलेगी।
गुडलक टिप: शाम के समय पीपल के नीचे दीपक जलाएं।

तुला (Libra) मेहनत का फल मिलेगा। जमीन-जायदाद के मामलों में सावधानी बरतें। धार्मिक यात्रा के योग हैं।
गुडलक टिप: सुंदरकांड का पाठ करें या सुनें।

वृश्चिक (Scorpio) नई नौकरी या पदोन्नति के योग हैं। आत्मविश्वास बढ़ेगा। आध्यात्मिक कार्यों में मन लगेगा। रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है।
गुडलक टिप: केसर का तिलक माथे पर लगाएं।

धनु (Sagittarius) नौकरी में प्रमोशन के योग बन रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। समाज में आपका कद बढ़ेगा।
गुडलक टिप: मंदिर में चमेली के तेल का दीपक जलाएं।

मकर (Capricorn) वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। पार्टनरशिप के बिजनेस में लाभ होगा। कला और संगीत की ओर रुझान बढ़ेगा।
गुडलक टिप: महालक्ष्मी अष्टकम का पाठ करें।

कुंभ (Aquarius) करियर में नई ऊंचाईयां छुएंगे और संपत्ति के निर्णय में फायदा होगा। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में लाभ की संभावना है।
गुडलक टिप: हनुमान जी को बूंदी का प्रसाद चढ़ाएं।

मीन (Pisces) स्वास्थ्य में सुधार होगा। पुराने मित्रों से मुलाकात सुखद रहेगी। तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ होगा।
गुडलक टिप: जरूरतमंद बच्चों को पढ़ने की सामग्री दान करें।

उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर काल बनी रफ्तार: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

0

Unnao News: उन्नाव जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक कार के खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा आसीवन थाना क्षेत्र में हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि कार में सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उसने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। जिला अस्पताल के आपात चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि 2 गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर मृतकों की शिनाख्त अनुपम गुप्ता (32) और उदय सिंह (26) के रूप में हुई है। अन्य 2 लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटा दिया गया है और यातायात सामान्य कर दिया गया है।

Akhilesh की बेटी अदिति पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला: कानपुर में 3 के खिलाफ FIR, डिजिटल ट्रेसिंग में जुटी साइबर पुलिस

0

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में साइबर अपराध पुलिस ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को निशाना बनाकर किए गए आपत्तिजनक व भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में 3 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। सपा की अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव परवीन यादव ने एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह मामला गुरुवार को सामने आया।

FIR में भरत, नागेश्वर और विनोद नामजद

शिकायत में आरोप लगाया गया कि अदिति यादव की छवि को धूमिल करने और सपा प्रमुख के परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से अपमानजनक व मनगढ़ंत सामग्री ऑनलाइन साझा की गई थी। प्रा‍थमिकी में भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव को नामजद किया गया है। शिकायत के अनुसार, 9 जून को भरत कुमार पटेल नाम के सोशल मीडिया पर एक खाते से कथित तौर पर अपलोड किए गए एक पोस्ट में अदिति यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ-साथ झूठे और भ्रामक दावे शामिल थे।

तस्वीर एडिट कर अदिति को आपराधिक गतिविधियों से जोड़ा

एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पोस्ट में उन्हें कथित तौर पर चोरी और आपराधिक गतिविधियों से जोड़ा गया तथा उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से एक संपादित तस्वीर भी पोस्ट की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सामग्री जानबूझकर गढ़ी गई थी और एक सम्मानित परिवार को बदनाम करने व सार्वजनिक आक्रोश भड़काने के लिए प्रसारित की गई थी। उन्होंने दावा किया कि 2 अन्य आरोपियों ने मूल पोस्ट के जवाब में अपमानजनक टिप्पणियां पोस्ट कीं।

सोशल मीडिया खातों की फोरेंसिक जांच शुरू

अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विपिन ताडा ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि लगाई गई धाराएं महिला की गरिमा का अपमान करने, प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी व आपत्तिजनक सामग्री के इलेक्ट्रॉनिक प्रसारण के माध्यम से गोपनीयता का उल्लंघन करने से संबंधित हैं। टाडा ने बताया कि मामले की जांच साइबर अपराध थाने द्वारा की जा रही है। साइबर अपराध प्रभारी निरीक्षक सतीश यादव ने बताया कि अपलोड किए गए पोस्ट, उपयोग किए गए उपकरणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए सोशल मीडिया पोस्ट की फोरेंसिक जांच तथा खातों की डिजिटल ट्रेसिंग जारी है।

El Nino Arrived: मौसम में बड़ा बदलाव, शुरू हुआ अल नीनो… IMD ने दी अहम जानकारी

0

El Nino Arrived: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि प्रशांत महासागर में अल नीनो की हलचल शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के इस सीजन में अल नीनो का असर और बढ़ सकता है। IMD की जून 2026 की रिपोर्ट में कहा गया है कि मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो गया है। यह तापमान अब उस स्तर को पार कर चुका है, जिसे अल नीनो की स्थिति माना जाता है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि समुद्र के गर्म होने का असर अब वातावरण पर भी दिखने लगा है। इससे साफ है कि समुद्र और वातावरण मिलकर पूरी तरह अल नीनो की स्थिति बना चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अल नीनो और मजबूत होता है, तो इसका असर मानसून और बारिश के पैटर्न पर पड़ सकता है। इसलिए मौसम विभाग लगातार इस स्थिति पर नजर रखे हुए है।

IMD ने अपने बुलेटिन में कहा, “अभी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति बनी हुई है और दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के दौरान इसके और मज़बूत होने की उम्मीद है।” मानसून मिशन कपल्ड फोरकास्ट सिस्टम (MMCFS) के अनुमान बताते हैं कि जैसे-जैसे मौसम आगे बढ़ेगा, अल नीनो के और तेज़ होने की संभावना है। बुलेटिन के अनुसार, जून 2026 में मध्य उष्णकटिबंधीय प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान अल नीनो की सीमा से ऊपर चला गया।

इस घटना की निगरानी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मुख्य पैमाना, ‘नीनो 3.4 इंडेक्स’ का हालिया तीन महीने का औसत +0.5°C से ऊपर चला गया है, जो अल नीनो की स्थिति की आधिकारिक शुरुआत का संकेत है। IMD ने बताया कि भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र के बड़े हिस्सों में समुद्र की सतह के नीचे भी तापमान में काफ़ी ज़्यादा बढ़ोतरी (पॉज़िटिव एनोमली) देखी गई है। यह संकेत है कि आने वाले महीनों में गर्म पानी के सतह पर आने और इस घटना को और मज़बूत करने की संभावना है।