Tuesday, July 21, 2026
Home Blog Page 3

क्या आपने कभी शिवलिंग पर दाल चढ़ते देखी है? मध्य प्रदेश के इस मंदिर की परंपरा कर देगी हैरान

0

नई दिल्ली। हम सभी ने भगवान शिव के मंदिर में उन्हें दूध, बेलपत्र, शहद, गंगाजल और पानी चढ़ाते हुए तो देखा होगा, लेकिन क्या कभी किसी शिव मंदिर में दाल चढ़ाते किसी को देखा है?

चौकिए मत मध्य प्रदेश की तीर्थ नगरी कहा जाने वाला ओंकारेश्वर अपने धार्मिक महत्व और आस्था के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। इस नगरी में स्थित है ऋणमुक्तेश्वर महादेव का मंदिर जो देश के अन्य शिव मंदिरों से थोड़ा अलग है।

मध्य प्रदेश का ऋणमुक्तेश्वर मंदिर

इस मंदिर में भगवान शिव के शिवलिंग को दूध, बेलपत्र और गंगाजल के अलावा दाल भी चढ़ाई जाती है। ऋणमुक्तेश्वर मंदिर को लेकर मान्यता है कि, यहां सच्ची श्रद्धा के साथ दाल चढ़ाने से व्यक्ति को कर्ज से मुक्ति मिलने के साथ जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

नर्मदा नदी के तट पर बसे इस प्राचीन मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए आते हैं। खासकर सोमवार, शिवरात्रि और धार्मिक उत्सवों के मौके पर यहां भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। मंदिर में दर्शन करने से पहले भक्त नर्मदा नदी में स्नान करते हैं, और इसके बाद ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर में प्रवेश कर उन्हें चने की दाल अर्पित करते हैं।

महाभारत काल से जुड़ा है मंदिर का इतिहास

भगवान शिव का ऋणमुक्तेश्वर मंदिर का इतिहास पांडव काल से जुड़ा है। अज्ञातवास के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के कहने पर पांडवों ने ऋण से मुक्ति पाने के लिए ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना की थी। जब अज्ञातवास खत्म हुआ तो, यहां आकर सभी पांडवों ने भगवान का आभार जताया था।

उसी परंपरा का अनुसरण करते हुए इस मंदिर में आने वाले भक्त शिवलिंग पर चने की दाल अर्पित करते हैं। मंदिर की यही खासियत इसे अन्य शिव मंदिरों से अलग बनाती है। माना जाता है कि, दाल चढ़ाने की परंपरा कोई आज की नहीं बल्कि अनादिकाल से चली आ रही है।

ऋणमुक्तेश्वर मंदिर से जुड़ी प्रचलित मान्यता

ऋणमुक्तेश्वर मंदिर में भगवान शिव को दाल चढ़ाने के पीछे एक प्रचलित मान्यता यह भी है कि, ऋणमुक्तेश्वर मंदिर देवताओं के गुरु कहे जाने बृहस्पति का निवास स्थान है। भगवान शिव ने यहां सभी को अलग-अलग स्थान दिया था, जिसमें बृहस्पति को ऋणमुक्तेश्वर मंदिर स्थान दिया गया।

अब कैंसर के इलाज का खर्च उठाएगी ओडिशा सरकार, आयुष्मान कार्ड में कीमो और सर्जरी के 121 नए पैकेज शामिल

0

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने कैंसर मरीजों को बड़ी राहत देते हुए आयुष्मान भारत और गोपबंधु जन आरोग्य योजना (जीजेएवाई) के तहत अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। राज्य सरकार कैंसर उपचार से जुड़े 121 नए पैकेज शामिल करने जा रही है, जिससे हजारों मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने बताया कि नए पैकेजों में कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और विभिन्न जटिल सर्जरी को शामिल किया गया है। इससे कैंसर रोगियों को बेहतर और प्रभावी उपचार उपलब्ध होगा तथा आर्थिक अभाव के कारण किसी मरीज को बीच में इलाज नहीं छोड़ना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कैंसर उपचार सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री कैंसर आरोग्य योजना के तहत इन 121 पैकेजों को गोपबंधु जन आरोग्य योजना में जोड़ा जाएगा। इन उपचारों पर होने वाले खर्च का वहन राज्य सरकार अपने कोष से करेगी।

लखनऊ में मौत या साजिश? युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह केस में पुलिस ने खंगाले बैंक खाते, चैट खोलेंगे राज

0

लखनऊ। विभूतिखंड स्थित नोवोटेल होटल में मृत मिले महाराजगंज के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। जांच के तहत पुलिस ने राहुल के भाई रोहित से उनके बैंक खातों का ब्योरा मांगा है। साथ ही नामजद आरोपित कारोबारी चंद्रभूषण मिश्र के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

राहुल के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनमें आरोपित के साथ हुई वाट्सएप चैट और रुपये के लेनदेन से जुड़ी बातचीत भी शामिल है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि चंद्रभूषण मिश्र, उनके बेटे तपिश व उदित और बेटी तारिणी को जल्द नोटिस भेजकर पूछताछ की जाएगी।

युवा विज्ञानी की मौत में व्यवसायी और उसके तीन बच्चों पर मुकदमा

विभूतिखंड स्थित नोवोटेल होटल में मृत मिले युवा विज्ञानी राहुल सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने नोएडा के व्यवसायी चंद्रभूषण मिश्रा और उनके तीन बच्चों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है इसलिए गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई। अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार है।

महराजगंज के सिसवा क्षेत्र के बीजापार असमन छपरा निवासी 22 वर्षीय राहुल सिंह का शव मंगलवार सुबह नोवोटेल होटल के कमरे में मिला था। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने नोएडा सेक्टर-49 निवासी व्यवसायी चंद्रभूषण मिश्रा, उनके बेटे तपिष और उदित मिश्रा व बेटी तारिणी मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए थे।

परिवारजन का कहना है कि राहुल ने ड्रोन इंजीनियरिंग से जुड़े एक प्रोजेक्ट का सौदा चंद्रभूषण मिश्रा से 85 लाख रुपये में किया था। 65 लाख दे भी दिए, लेकिन बाद में सौदा रद करने की बात कह पैसे वापस करने का दबाव बनाया जाने लगा। इस कारण राहुल काफी समय से मानसिक तनाव में थे।

परिवारजन का दावा है कि राहुल को धमकियां भी दी जा रही थीं और कई अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, राहुल बीते एक महीने में कई बार लखनऊ आए थे। डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चंद्रभूषण मिश्रा, तपिष मिश्रा, उदित मिश्रा और तारिणी मिश्रा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल फोन व काल डिटेल खंगाले जा रहे हैं।

एमएमयूटी के प्रोफेसर पर आंच
युवा विज्ञानी राहुल सिंह की बीते दिनों लखनऊ के होटल में हुई मौत मामले में गहन जांच शुरू हो गई है। इसकी आंच मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ प्रोफेसर पर भी आ रही है, जिनकी पहचान राहुल के गुरु के रूप में भी है। युवा विज्ञानी की मां व बहन ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के लोगों ने प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के एक असिस्टेंट रजिस्ट्रार व गोरखपुर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी के एक शिक्षक को भी दोषी ठहराया है।

Stock Market Outlook: 20 से 24 जुलाई तक किस तरफ जाएगा शेयर बाजार? ये घटनाएं होंगी अहम; इन स्टॉक्स पर रखें नजर

0

नई दिल्ली। स्थानीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह कई महत्वपूर्ण फैक्टर्स से तय होगी। विश्लेषकों का कहना है कि कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजे, पश्चिम एशिया में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों की दिशा बाजार की चाल को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति, खरीफ फसलों की बुवाई की स्थिति और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार के लिए प्रमुख संकेतक रहेंगी।

ये फैक्टर्स होंगे अहम

रिलायंस ब्रोकिंग के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा कि इस सप्ताह घरेलू कंपनियों के तिमाही परिणाम, घरेलू मैक्रोइकोनॉमिक आंकड़े और वैश्विक घटनाक्रम बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि मानसून और खरीफ बुवाई पर निवेशकों की नजर रहेगी, क्योंकि इनका असर ग्रामीण मांग, खाद्य महंगाई और भारतीय रिजर्व बैंक की भविष्य की नीतियों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर निवेशक पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके कारण कच्चे तेल की कीमतों तथा जोखिम वाली परिसंपत्तियों पर पड़ने वाले प्रभाव पर करीबी नजर रखेंगे।’’

कई कंपनियों के आएंगे नतीजे

इस सप्ताह कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही परिणाम जारी करेंगी। इनमें इन्फोसिस, वन97 कम्युनिकेशंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, बजाज ऑटो, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पावर, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि., डॉ. रेड्डीज लैब, इंडसइंड बैंक, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, नेस्ले इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि इस सप्ताह निवेशकों का ध्यान मुख्य रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति पर रहेगा। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में कमी आने से बाजार में सकारात्मक माहौल बन सकता है, जबकि सैन्य तनाव बढ़ने या होर्मुज से आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ सकती है।

लोकसभा में NDA के पास होगी 320 सांसदों की ताकत? बजट सत्र के बाद से बदलता गया सियासी गणित

0

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले एनडीए पहले से काफी अधिक बढ़ गई है। एक तरफ जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को शिवसेना (UBT) के छह बागी सांसदों को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की मान्यता दे दी है। वहीं, दूसरी ओर टीएमसी के के 20 बागी सांसदों को भी संसद में एनडीए के साथ बैठने के लिए अलग सीटें दी गई हैं।

विपक्षी खेमे में चल रही आंतरिक कलह का फायदा सीधे तौर पर एनडीए को मिल रहा है, इसका नतीजा यह है कि बजट सत्र के दौरान NDA के पास 295 सांसद थे, वहीं अब सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में एनडीए की ताकत बढ़कर 320 से ज्यादा सांसदों की हो जाएगी।

सुदीप बंद्योपाध्याय ने की पीएम मोदी से मुलाकात

दरअसल, संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले टीएमसी के वरिष्ठ नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इनकी मुलाकात के बाद बागी टीएमसी गुट के सूत्रों ने दावा किया कि पीएम मोदी ने उनका एनडीए में स्वागत किया है। सुदीप बंद्योपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि वह और काकोली घोष दस्तीदार आगामी बैठक में हिस्सा लेंगे।

इस सियासी बदलाव का खुलासा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के एक पत्र से हुआ। सर्वदलीय बैठक के लिए सुदीप बंद्योपाध्याय को भेजे गए आमंत्रण पत्र में उन्हें नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सदस्य के रूप में संबोधित किया गया है।

उन्होंने पत्र में आगे जानकारी दी कि इन सभी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से नए दल के रूप में मान्यता देने का अनुरोध किया। यह मामला फिलहाल स्पीकर के विचाराधीन है।

TMC ने साधा निशाना

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर टीएमसी की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। टीएमसी नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट पर लिखा, ” एक तरफ लोकसभा अध्यक्ष इन 20 गद्दारों को आधिकारिक रिकॉर्ड में अभी भी टीएमसी का सांसद मान रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ ही मिनटों के भीतर केंद्रीय मंत्री ने उन्हें नई पार्टी के नाम पर सर्वदलीय बैठक के लिए आमंत्रित भी कर लिया।”

हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष ने 20 बागी TMC सांसदों के NCPI में विलय पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेकिन उन्होंने ने बागी TMC गुट की उस मांग को मान लिया है जिसके तहत उन्हें NDA के हिस्से के तौर पर लोकसभा में अलग सीटें दी जाएं। इसका साफ तौर पर मतलब यह है कि टीएमसी के बागी सांसद मानसून सत्र के दौरान अहम मुद्दों पर सत्ताधारी गठबंधन के साथ वोट कर सकेंगे।

कहां जाएंगे शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसद?

इधर शिवसेना (UBT) ने अपने छह बागी सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की थी। उद्धव गुट का तर्क था कि किसी भी दल का विलय पार्टी के मुख्य संगठन की ओर से तय होना चाहिए, न कि केवल संसदीय दल के फैसले से।

हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कम से कम शिवसेना के बागियों के मामले में इस कानूनी राय को स्वीकार करने का फैसला किया है कि अगर किसी संसदीय दल के दो-तिहाई सदस्य चाहें, तो वे दूसरी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। स्पीकर के इस फैसले के तहत शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसदों को एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने की मंजूरी मिल गई है।

Japan Open 2026: पीवी सिंधू ने दो साल का खिताबी सूखा किया खत्म, यामागुची को मात देकर 50 मिनट में रचा इतिहास

0

नई दिल्ली। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने रविवार को जापान की अकाने यामागुची को मात देकर जापान ओपन के महिला सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। सिंधू ने सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से जीत हासिल की। इसी के साथ वह यह टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं।

सिंधू ने इसी के साथ दो साल से चले आ रहे अपने खिताबी सूखे को खत्म कर दिया है। इससे पहले दो बार की ओंलिपिक पदक विजेता ने साल 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीता था। 2019 में विश्व चैंपियनशिप जीतने के बाद ये उनका पहला बड़ा खिताब है।

चार साल बाद हुआ ऐसा

सिंधू न छठी बार जापान ओपन का फाइनल खेल रहीं स्थानीय खिलाड़ी यामागुची को चार साल में पहली बार पूरे मैच में मात दी है। 2022 में उन्होंने यामागुची को पूरा मैच खेलने के बाद हराया था। वहीं इसी साल की शुरुआत में भी वह यामागुची से मलेशिया ओपन में जीती थीं, लेकिन यहां जापानी खिलाड़ी रिटायर हुई थीं।

50 मिनट में रचा इतिहास

सिंधू ने 50 मिनट में ही मैच अपने नाम किया। उन्होंने शुरुआत से ही यामागुची पर पकड़ बनाई और उनको दबाव में रखा। उन्होंने मैच को अपने नियंत्रण में रखा। उनके खेल में रणनीति साफ नजर आ रही थी। वह ओवर अटैक से बचते हुए समय-समय पर अटैक कर यामागुची को हैरान कर रही थीं। जब भी यामागुची ने वापसी की सिंधू ने अपना अटैकिंग गेम बाहर निकाला और उन्हें रोके रखा।

सिंधू के दमदार स्मैश और नेट गेम इस मैच में निर्णायक साबित हुए। सिंधू पहले गेम में 3-0 से आगे थीं। यामागुची ने फिर स्कोर बराबर कर लिया। फिर स्कोर 5-5 हो गया। यहां से सिंधू ने कंट्रोल ले लिया और 8-6 से आगे हो गईं। यामागुची ने वापसी करते हुए फिर स्कोर 9-9 से बराबर कर दिया। ब्रेक में यामागुची 11-9 की बढ़त के साथ गईं।

ब्रेक से आते ही सिंधू ने पहले स्कोर बराबर किया और फिर 13-12 से लीड ले ली। ये स्कोर लाइन 16-12 तक पहुंची और यामागुची पीछे ही छूटती चली गईं। पहला गेम सिंधू के नाम हो गया।

दूसरे गेम में भी जारी रखी लय

सिंधू ने पहले गेम के आखिर में जो लय हासिल की थी उसे दूसरे गेम में भी जारी रखा। उन्होंने लगातार छह अंक लेते हुए 8-3 की बढ़त ले ली। यहां सिंधू की गलतियों और अपने खेल से यामागुची ने चार अंक लिए अपने अंकों की संख्या तीन से सात कर ली, लेकिन वह ब्रेक में सिंधू को 11-7 की बढ़त के साथ जाने से नहीं रोक पाईं। ब्रेक के बाद सिंधू ने इस बढ़त को 14-7 किया। यामागुची ने गेम के आखिरी में कुछ अंक जरूर लिए लेकिन वह गेम और मैच दोनों गंवा बैठीं।

मथुरा: एनकाउंटर में लूट और हत्या के तीन आरोपित गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

0

मथुरा। जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जबलपुर के युवक की लूट के बाद हत्या करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि तीसरे को मौके से दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए संयुक्त अस्पताल वृंदावन भेजा गया है।

सीओ वरुण मिश्र ने बताया कि 18 जुलाई की रात करीब साढ़े बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना जैंत में दर्ज हत्या व लूट के मुकदमे से जुड़े आरोपित सुनरख-नगला कीकी रोड पर फिर किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में सियाराम निवासी ग्राम कमई थाना बरसाना और रवि निवासी ग्राम कमई, थाना बरसाना के पैर में गोली लगी, जबकि सचिन निवासी ग्राम कमई थाना बरसाना को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों आरोपितों ने कबूली हत्या की वारदात

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपितों ने जबलपुर निवासी सुनील कुमार त्रिपाठी से लूटपाट करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। इसी मामले में सीसीटीवी फुटेज मिलने पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

बरामद हुआ लूटा एटीएम कार्ड व अन्य सामान

सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, लूटा हुआ एटीएम कार्ड, लूटा हुआ मोबाइल फोन, लूटे गए 30 हजार रुपये नकद, और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। तीनों आरोपितों के विरुद्ध पहले से भी विभिन्न थानों में मारपीट, रंगदारी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।

सोनम वांगचुक की पत्नी पहुंचीं दिल्ली हाई कोर्ट, अस्पताल में भर्ती को बताया ‘गैर-कानूनी हिरासत’

0

नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की पत्नी ने दिल्ली हाई कोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की है। पत्नी गीतांजलि आंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। आंगमो का कहना है कि उन्हें सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं है। यह एक गैरकानूनी डिटेंशन जैसा बन गया है।

गीतांजलि ने सफदरजंग अस्पताल में अपने पति के भर्ती करने को “गैर-कानूनी हिरासत” बताया है और कोर्ट से उन्हें किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की अनुमति मांगी है। साथ ही उन्होंने उन डॉक्टरों से मिलने की भी मांग रखी है जो वांगचुक का इलाज कर रहे।

उन्होंने कहा, “मेरा सफदरजंग सरकारी अस्पताल से भरोसा उठ गया है। वांगचुक का पोटैशियम लेवल गिरकर 2.9 हो गया है, जिसे उन्होंने चिंताजनक और जानलेवा बताया। फिर भी, अस्पताल प्रशासन ने हेल्थ बुलेटिन में असल आंकड़ा नहीं बताया और सिर्फ पोटैशियम लेवल कम होने की जानकारी दी।”

वांगचुक की हालत स्थिर

मालूम हो कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के समर्थन में जंतर-मंतर पर बीते 21 दिनों से अनशन कर रहे लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत शनिवार को ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दिल्ली के सरकारी हॉस्पिटल सफदरजंग में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

 

वांगचुक को हटाए जाने पर AAP ने साधा केंद्र पर निशाना

जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हटाए जाने के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार को बल प्रयोग के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए था।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक जैसी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि वांगचुक और उनके साथ जुड़े लोग युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं, इसलिए सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होने की अपील की।

वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आप से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की मांगों पर संवाद करने के बजाय प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

 

शिमला के नेरवा में सड़क से 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी कार, PWD कर्मी सहित दो युवकों की मौत

0

शिमला। हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पंचायत पुजारली के दोछी के पास किरी से नाव सड़क पर हुआ। एचपी 08ए-8441 नंबर की एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

कार सवार दोनों की मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार कार में दो व्यक्ति सवार थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र अनंत राम निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला तथा जितेंद्र पुत्र धाजू राम निवासी चाड़चधार धबास के रूप में हुई है।

लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था नरेश

बताया गया है कि नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के रूप में कार्यरत थे। प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

मेरठ में 357 करोड़ का टैक्स रिफंड घोटाला: 3000 क्लाइंट्स को दिलाए अवैध Refund, 50 लाख के जेवर और 4 करोड़ की FD सीज

0

मेरठ। आयकर विभाग ने मेरठ में एक बड़े टैक्स रिफंड फ्राड का राजफाश किया है। 30 वर्षीय नैंसी अग्रवाल ने 357 करोड़ रुपये की फर्जी कर-धोखाधड़ी की। नैंसी अग्रवाल माधवपुरम क्षेत्र के इन्द्रा नगर स्थित अपने 35 वर्ग मीटर के घर से काम करते हुए तीन सालों में आयकर एक्ट की धारा 80GGC का सिस्टमैटिक तरीके से गलत इस्तेमाल किया, जो लोगों को राजनीतिक दलों को दिए गए डोनेशन पर टैक्स कटौती का दावा करने की इजाजत देती है।

आरोपित देशभर में फैले 3,000 से अधिक क्लाइंट्स को गलत कटौतियों और फर्जी दावों के जरिये 65.5 करोड़ रुपए अवैध रिफंड दिलाने में कामयाब रही। उसने क्लाइंट्स की तरफ से गैर-मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को भारी डोनेशन देने का फर्जीवाड़ा किया।

3 हजार से अधिक क्लाइंट्स के लिए किया 65.5 करोड़ का अवैध टैक्स रिफंड हासिल

आयकर विभाग की टीम ने 14-15 जुलाई 2025 को 357 करोड़ के टैक्स रिफंड फ्राड के मामले में दिल्ली चुंगी स्थित गुप्ता ब्रदर्स के घर और आवास और इन्द्रा नगर निवासी नैंसी अग्रवाल के यहां सर्वे किया। टीम ने उस समय नैंसी अग्रवाल भारतीय स्टेट बैंक ब्रहमपुरी शाखा में दो बैंक लॉकर में रखे करीब 50 लाख के सोने के गहने व 4 करोड़ की फिक्स्ड डिपॉजिट को सीज किया था।

तलाशी के दौरान करीब 5 लाख नकद, हाथ से लिखे लेजर, कंप्यूटर और लैपटॉप समेत कई दस्तावेजी और डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए, जिनमें उसके क्लाइंट नेटवर्क की जानकारी थी।

आरोपित नैंसी अग्रवाल का बैंक लाकर व एफडी सीज

आयकर विभाग में इस मामले की जांच कर रही टीम के एक सदस्य ने बताया कि नैंसी अग्रवाल पिछले तीन सालों में आयकर एक्ट की धारा 80GGC का सिस्टमैटिक तरीके से गलत इस्तेमाल किया। आरोपित ने रेफरल डिस्काउंट के जरिए देश भर में क्लाइंट नेटवर्क बनाया और लोगों को गलत कटौती का दावा करने के लिए लुभाया। अपने काम को बढ़ाने के लिए आरोपित ने क्लाइंट्स को प्रमोशनल डिस्काउंट का ऑफर दिया।

आयकर विभाग ने की नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू

क्लाइंट्स अधिकतर सैलरी पाने वाले लोग हैं, जो या तो जानबूझकर या अनजाने में फर्जी छूट के जरिए ज्यादा रिफंड दिलाने के अग्रवाल के वादों से लुभाए गए थे। इस पूरे प्रकरण की जांच कर रहे आयकर अधिकारी माखन मीना ने अब आरोपित पर मुकदमा चलाने और फर्जी दावों की रकम वसूलने के लिए फायदा उठाने वाले टैक्सपेयर्स को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नैंसी अग्रवाल का आरोप- गुप्ता ब्रदर्स हैं आरोपित

नैंसी अग्रवाल का आरोप है कि 2014 में चावली देवी आर्य कन्या इन्टर कॉलेज ब्रह्मपुरी से 12वीं पास करने के बाद डीएन डिग्री कॉलेज मे बीकॉम में प्रवेश लिया। 2023-24 आयकर विवरणी भरने आदि की प्रक्रिया सीखने के लिए गुप्ता ब्रदर्स के यहां प्रशिक्षण लेना शुरू किया। 14-15 जुलाई 2025 को जब आयकर विभाग की टीम ने सर्वे किया तो उनके यहां भी यहां भी सर्वे हुआ। सर्वे में गुप्ता ब्रदर्स के प्रियम गुप्ता ने सारा दोष आयकर के सामने पर गढ़ दिया जबकि इस मामले से उनका कोई मतलब नहीं है।

आयकर विभाग के सभी आरोपों का दिया जाएगा जवाब

नैंसी ने कहा कि आयकर को जो भी सर्वे में मिला सबके सामने है। मेरे पिता संजीव कुमार गुप्ता एक निजी कंपनी में नौकरी करते है और मां रचना गृहणी है। भाई विशाल अभी पढ़ रहा है। आयकर विभाग को सभी आरोपों को जवाब दिया जाएगा।

गुप्ता ब्रदर्स के प्रियम गुप्ता से इस बाबत बातचीत हुई तो उनका कहना था कि नैंसी अग्रवाल से उनका कोई लेना देना नहीं है न ही उसने कभी उनके यहां कोई प्रशिक्षण लिया। आयकर विभाग ने पिछले साल सर्वे जरूर किया था पर उसमें हमारे यहां कुछ भी गलत नहीं मिला।