बिधूना। फफूंद थाना क्षेत्र स्थित गांव सेऊपुर में एक युवक ने अपने भाई व अन्य लोगों के साथ मिलकर पत्नी व ससुरालियों की पिटाई कर दी। बीचबचाव करने आई पत्नी की बहन व उसके पति को भी पीटा। घटना में सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना को देखते हुए गांव में कई थानों के फोर्स की तैनाती कर दी गई है।अवनीश कुमार निवासी गांव सेऊपुर ने भाईदूज पर अपने भाई सुनील के साथ मिलकर पत्नी राधा राजपूत की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी राधा की बहन कंचन उदी मोड़ थाना बढ़पुरा जनपद इटावा को हुई, तो वह अपने मायके वालों राजू, शिवम, आशीष, सोनू व पति सोहन के साथ बीचबचाव करने पहुंच गई। आरोपियों ने इन सभी के साथ भी मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। घटना के बाद अछल्दा, फफूंद, अजीतमल सहित औरया पुलिस को गांव में तैनात किया गया है।
Auraiya News: उल्लास व उमंग बीच मनी दीपावली, गोवर्धन भगवान को लगा भोग
औरैया। दीपावली त्योहार पर दो दिनों तक उल्लास व उमंग का माहौल देखने को मिला। घरों को जहां इलेक्ट्रानिक झालरों से सजाया गया। रात में जमकर आतिशबाजी चली। वहीं, एक-दूसरे घर जाकर लोगों ने मिठाई खिलाते हुए दीप पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भगवान का पूजन करते हुए सुख समृद्धि की दुआ मांगी।
लापरवाही : भाई दूज पर बिना हेलमेट और ट्रिपलिंग कर दौड़ाईं बाइकें
बिधूना। गोवर्धन पूजा के साथ कुछ जगहों पर भाई दूज का पर्व भी मनाया गया। बुधवार को बहनें अपने भाइयों को तिलक करने के लिए घरों से निकलीं। इस बीच बड़ी संख्या में लोग अपनी जिंदगी से खिलवाड़ करते हुए बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते नजर आए। वो यहीं तक सीमित नहीं रहे। छोटे-छोटे बच्चों को भी साथ बैठाए हुए थे।
Auraiya News: दीपावली पर मारपीट व पत्थरबाजी के चार आरोपी गिरफ्तार
औरैया। दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते एक पक्ष ने दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने मामले दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 नामजद समेत 16 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बाद में दबिश देकर चार को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास में लग गई है।
———-
दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, पांच घायल
ककोर। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव ककोर में भी दीपावली की रात दो पक्ष सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे व ईंट पत्थर चल गए। एक पक्ष से राजेंद्र, कंचन, रवि व दूसरे पक्ष से सुनील, अजीत घायल हो गया। जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को शांत कराकर घायलों को दिबियापुर सीएचसी ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
Auraiya News: गुड मोर्निंग औरैया के साथ वार्डों में पालिका की दस्तक
औरैया। नगर पालिका परिषद की ओर से इन दिनों वार्डों की समस्याओं को दूर करने की कवायद गुड मोर्निंग औरैया के साथ शुरू की जा रही है। रोस्टर बनाकर चिह्नित वार्डों में पालिका की रोजाना तड़के दस्तक हो रही है। वार्ड सभासदों व वासियों से उनकी समस्याएं सुनकर दूर किया जा रहा है।पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता के नेतृत्व में सफाई, बिजली व जलकल विभाग का अमला रोजाना वार्डों में पहुंच रहा है। कहां कौन सी लाइट खराब है। किस गली की सड़क खराब है। कहां सफाई नहीं हुई। कहां पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। इसकी सुध ली जा रही है। संबंधित विभाग के जिम्मेदार को त्वरित समस्या का समाधान करने के लिए कहा जा रहा है। खास बात तो यह है कि पालिकाध्यक्ष के साथ सभासद भी सुबह-सुबह वार्डों में पहुंच रहे हैं।
अजीतमल वाहन की टक्कर से महिला मौत
अजीतमल। कानपुर निवासी बेटी के पास से गांव लौट रही मां को वाहन ने हाईवे पर टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।क्षेत्र के गांव बिलावा निवासी शकुंतला देवी (52) के दो राहुल व गौरव दिल्ली में अपनी बहन के पास रहते हैं। बड़ा बेटा राहुल उर्फ बाउआ का परिवार गांव में रहता है। मंगलवार को शकुंतला अपनी बड़ी बेटी रत्ना जो कानपुर में रहती है के पास से अपने गांव बिलावा जा रही थी। कानपुर-इटावा हाइवे पर बिलावा पुलिया पर उतर गई तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
Auraiya News: दीपावली पर जिले का एक्यूआई पहुंचा 153, हवा की गुणवत्ता खराब
औरैया। जिले में सोमवार व मंगलवार को दीपावली मनाई गई। जमकर पटाखे छोड़े गए इससे बुधवार को जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को सुबह से दोपहर तक समय धुएं की चादर दिखाई दी। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार दो दिन में हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। बुधवार दोपहर जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 153 दर्ज किया गया। जोकि खराब श्रेणी का माना जाता है।दीपावली के बाद हवा प्रदूषित हुई है। इसका असर मंगलवार सुबह से ही देखने को मिलने लगा था। बुधवार को दिनभर आसमान में धुंध छाई रही। जिले का एक्यूआई 153 तक पहुंच गया। सोमवार व शनिवार को यही एक्यूआई 105 से 110 के आसपास था। दीपावली पर चले पटाखों के कारण भी एक्यूआई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके कारण बुधवार सुबह सैर-सपाटे पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी कम रही। खासतौर पर लोग बाहर निकलने से बचते नजर आए। ये वो लोग रहे जो हृदय व सांस संबंधी बीमारी से ग्रसित हैं। स्मॉग से आंखों में जलन, सांस संबंधी परेशानियां, फेफड़ों में संक्रमण, सिरदर्द, अनिद्रा, और त्वचा संबंधी बीमारियां बढ़ने की संभावना है। हालांकि अभी मरीजों की संख्या अस्पतालों में नहीं बढ़ी है।
—————————–
दीपावली पर दो करोड़ से ज्यादा के बिके पटाखे
पटाखा विक्रेताओं की माने तो जिलेभर की 315 दुकानों पर दीपावली सीजन में दो करोड़ से ज्यादा पटाखे बिक्री हुए हैं। छोटी दीपावली से अब तक रोजाना रात में पटाखे खूब चल रहे हैं।
Auraiya News: अमृत भारत एक्सप्रेस के इंजन के वीसीबी में चिंगारी के बाद निकला धुंआ, मची खलबली
दिबियापुर। कंचौसी व फफूंद रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार की शाम छपरा से आनंद बिहार जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन के वीसीबी से निकली चिंगारी के बाद धुआं उठने लगा इससे खलबली मच गई। किसी तरह लोको पायलट ने ट्रेन को धीमी कर 4:15 बजे फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंचाया। इसके बाद मालगाड़ी के इंजन को पाता से मंगवाते हुए डेढ़ घंटे बाद ट्रेन को रवाना किया गया।ट्रेन में धुआं निकलने के बाद रेलवे का अमला हरकत में आया। जांच-पड़ताल में सामने आया कि इंजन के ऊपर लगे इंसुलेटर से निकली चिंगारी से धुआं निकलने से वीसीबी सर्किल टूट गया था। 4:15 बजे प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेन को मालगाड़ी का इंजन लगाकर शाम 5:39 बजे रवाना किया गया। डेढ़ घंटे से ज्यादा स्टेशन पर ट्रेन खड़ी रहने के चलते यात्री परेशान हो गए। कानपुर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि वह कानपुर से आनंद बिहार जा रहे थे। पहले यह ट्रेन कुछ देर कंचौसी के पास खड़ी रही। फिर फफूंद स्टेशन पर आकर खड़ी हो गई और घंटों इंतजार किया।डेढ़ घंटे बाद ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों व रेल कर्मियों ने राहत की सांस ली हालांकि ट्रेन खाली थी, कुछ ही यात्री सफर कर रहे थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने स्टाफ के साथ ट्रेन के अंदर निरीक्षण कर बैठे यात्रियों से संवाद किया और धैर्य रखने की अपील की।

