बिधूना। अछल्दा रेलवे स्टेशन से धीमी गति से गुजर रही नॉन स्टॉप ट्रेन से उतरते समय एक युवक गिरकर घायल हो गया। घायल युवक को आरपीएफ की टीम सीएचसी ले गई। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। प्राथमिक इलाज के बाद परिजन घायल युवक अपने साथ ले गए। युवक दिल्ली से बलिया सुपरफास्ट ट्रेन में बैठा था।
जनपद इटावा थाना जसवंतनगर के गांव सलेमपुर निवासी ब्रजेंद्र यादव सोमवार रात दिल्ली से घर जाने के लिए बलिया सुपरफास्ट ट्रेन में बैठ गया। मंगलवार तड़के वह सोकर जागा तो ट्रेन अछल्दा रेलवे स्टेशन से धीमी गति से गुजर रही थी। इस दौरान युवक चलती ट्रेन से गलत दिशा में उतरने लगा, तभी वह गिरकर घायल हो गया। जानकारी पर आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। परिजन को घटना की जानकारी दी। सुबह इटावा के थाना रामपुरा के गांव हिम्मतपुर निवासी जीजा सत्यवीर अस्पताल पहुंचे। पूछताछ के बाद घायल को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।