औरैया। दीपावली से पहले बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से पटाखों की बिक्री हो रही है। शनिवार को पुलिस ने जिले में अभियान चलाकर सात लाख कीमत का पटाखा जब्त किया। नौ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों के किनारे लगीं पटाखे की दुकानों पुलिस पहुंची। लाइसेंस न दिखा पाने वाले दुकानदारों की धरपकड़ कर 1.63 क्विंटल पटाखा बरामद किया। जिसकी बाजार में कीमत पांच लाख रुपये आंकी गई। जबकि मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में बनारसीदास मोहल्ला निवासी विनय कुमार, भीखमपुर निवासी आयुष, गोविंदनगर निवासी अनुराग पोरवाल, बनारसीदास निवासी अमन कुमार व समरथपुर निवासी विशाल पोरवाल शामिल रहे। जिनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की गई। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि बिना लाइसेंस के पांच लोग पटाखा बिक्री कर रहे थे। जिनके पास से 1.63 क्विंटल पटाखे बरामद किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।
पुलिस ने शनिवार को जब पटाखा दुकानों पर चेकिंग अभियान चलाया तो कई जगह शटर गिर गए। वहीं जिन दुकानों पर बिना लाइसेंस के पटाखे बिक्री हो रहे थे। वहां पर सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन यंत्र तक नहीं थे। त्योहारी सीजन में मुनाफे की चाह में लोग नियम कानून तो छोड़िए बारूद हाथ में लेकर स्वयं की सुरक्षा को भी भूल बैठे थे। कार्रवाई के बाद शहर में काफी हद तक पटाखों की अवैध बिक्री पर लगाम कसी।
फोटो 11 एयूआरपी 20 पटाखा के साथ पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस
पुलिस ने 185 किलो बारूद जब्त की, दो हिरासत में


