लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में अब प्रवेश के लिए शुल्क देना होगा। संचालन समिति ने पार्क का प्रवेश शुल्क 15 रुपये और म्यूजियम का टिकट 50 रुपये तय किया है। वहीं यूपी दिवस पर 24 से 26 जनवरी तक यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें युवाओं को इंडियन ओसेन बैंड आकर्षित करेगा।
बसंतकुंज योजना में 65 एकड़ में फैले राष्ट्र प्रेरणा स्थल के संचालन के लिए बनी समिति ने यहां पर लागू प्रवेश शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया है। ऐसे में अब पार्क में प्रवेश का शुल्क 15 रुपये और म्यूजियम का 50 रुपये रहेगा।एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि सोमवार को संचालन समिति की पहली बैठक हुई। इसमें पार्क के रखरखाव को बेहतर करने पर चर्चा हुई।इसके साथ ही समिति ने एक जनवरी से लागू शुल्क को मंजूरी दी। शुल्क में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया। पार्क में बच्चों के मनोरंजन आदि के लिए किड्स जोन विकसित करने पर चर्चा हुई। इस पर काम किया जाएगा। पार्क का लोकार्पण 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उसके 31 दिसंबर तक प्रवेश नि:शुल्क रहा और एक जनवरी से टिकट लगाया गया।


