Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक ऐसी घटना घटी है जिसने इंसानियत और रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोवर्धन थाना क्षेत्र में शादी की रस्में पूरी होने ही वाली थीं कि तभी बड़ा दूल्हा फिल्मी अंदाज में चंपत हो गया। इस धोखे के बाद न सिर्फ बड़ी बहन की शादी टूटी, बल्कि छोटी बहन की बारात भी बिना फेरों के वापस लौट गई।
बैंड-बाजा, बारात और फिर… सन्नाटा
राजस्थान से दो सगे भाई बारात लेकर गोवर्धन आए थे। घर में उत्सव का माहौल था, मेहमान जुट चुके थे और दोनों सगी बहनें लाल जोड़े में सजकर अपने राजकुमारों का इंतजार कर रही थीं। बारात का भव्य स्वागत हुआ, द्वारपूजा हुई और फिर जयमाला के लिए दूल्हों को स्टेज पर ले जाया गया।
फोटोशूट के बीच रची फरार होने की साजिश
स्टेज पर हंसी-मजाक चल रहा था और कैमरामैन फोटो खींच रहा था। तभी बड़े दूल्हे ने अचानक ‘बाथरूम’ जाने की बात कही। रिश्तेदारों ने सोचा कि शायद घबराहट या जरूरत होगी, इसलिए उसे जाने दिया। लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जब दूल्हा वापस नहीं लौटा, तो खलबली मच गई। उसका मोबाइल भी बंद आने लगा। काफी तलाश के बाद पता चला कि दूल्हा तो बारात और मंडप छोड़कर फरार हो चुका है।
मेहंदी लगे हाथ और बिलखता परिवार
दुल्हन के भाई ने रोते हुए बताया कि हमने अपनी हैसियत से बढ़कर स्वागत किया था। मेरी बहनें मंडप में फेरों का इंतजार करती रह गईं, लेकिन उन धोखेबाजों ने हमारी इज्जत नीलाम कर दी।” इस एक घटना की वजह से छोटी बहन की शादी भी रुक गई क्योंकि दूल्हा पक्ष के लोग इस शर्मिंदगी के बाद वहां से खिसकने लगे।
पुलिस की कार्रवाई: बाराती बने ‘बंधक’
हंगामा बढ़ता देख मौके पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हा पक्ष के कुछ मुख्य रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब फरार दूल्हे की लोकेशन ट्रेस कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह गंभीर धोखाधड़ी का मामला है। लड़की पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी दूल्हे को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


