औरैया जिले में बेला थाना क्षेत्र के तिर्वा मार्ग स्थित गांव फतेहपुर मोड़ के पास बुधवार को भागवत कथा के समापन के बाद भंडारा का आयोजन हुआ था। इसमें काफ़ी बड़ी संख्या में भक्ट प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे। इसी दौरान शाम करीब सात बजे गांव सिमरापुरवा निवासी कपिल पुत्र देवेंद्र सिंह की मोटरसाइकिल कोई उठा ले गया। जब कपिल भंडारा खाकर घर जाने के लिए उस जगह पहुंचा, जहां उसने मोटरसाइकिल खड़ी की थी, तो अपनी मोटरसाइकिल वहां न देख उसके होश उड़ गए।
इसके बाद उसने अपनी मोटरसाइकिल की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता न लगा। पास में एक किराना की दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखे, तो कोई उसकी मोटरसाइकिल ले जाता दिखा। उसके बाद करीब नौ बजे उसने थाना पुलिस को बाइक गायब होने का शिकायती पत्र दिया। तहरीर मिलते ही कस्बा इंचार्ज बृजभूषण तिवारी फोर्स के साथ मोटरसाइकिल खोजने में लग गए।गलती से बदल गई थी मोटरसाइकिल
करीब एक घंटे में उक्त मोटरसाइकिल बेला से करीब पांच किलोमीटर दूर गांव भदौरा निवासी एक किसान के पास मिल गई। उसने पुलिस को बताया की उसकी भी मोटरसाइकिल बिल्कुल ऐसी ही है, इसलिए धोखा हो गया। जबकि उसकी मोटरसाइकिल वहीं भंडारा स्थल पर खड़ी पाई गई। मोटरसाइकिल मिलने से कपिल ने पुलिस की प्रशंसा करते हुए धन्यबाद किया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया की गलती से मोटरसाइकिल बदल गई थी, दिलवा दी गई है।