मुख्यमंत्री योगी की जनसभा को सफल बनाने में डीएम इंद्रजीत सिंह की दिन-रात की मेहनत बनी मिसाल*ल
सुबह 6 बजे से देर रात तक खुद संभाली तैयारियों की कमान, जाममुक्त रहा शहर, बेहतर व्यवस्थाओं की हुई सराहना
सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा एवं मंडलीय समीक्षा बैठक को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला प्रशासन ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन की कमान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने स्वयं संभाली और तैयारियों से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति तक हर व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। उनकी कार्यशैली, सूक्ष्म योजना और अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय के चलते हजारों लोगों की मौजूदगी के बावजूद पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने तैयारियों की कमान अपने हाथ में ले ली। वह प्रतिदिन सुबह लगभग छह बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सुरक्षा, मंच, पेयजल, पार्किंग, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते थे। इसके बाद सुबह आठ बजे पुनः निरीक्षण कर कार्यालय पहुंचते। जनता दर्शन के बाद दोपहर में फिर कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते और देर शाम से लेकर रात तक तैयारियों की लगातार समीक्षा करते रहे।
कार्यक्रम के दौरान सबसे बड़ी चुनौती हजारों लोगों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था बनाए रखना था। जिलाधिकारी के निर्देशन में स्कूलों में अवकाश, ई-रिक्शा संचालन की विशेष व्यवस्था, रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की योजना लागू की गई। परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री के पूरे दौरे के दौरान सुल्तानपुर शहर जाममुक्त रहा और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
जनसभा में पहुंचे लोगों के लिए पेयजल, नाश्ता, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने, निरीक्षण और प्रस्थान तक के लिए अलग-अलग रूट मैप तैयार किया गया, जिससे पूरा कार्यक्रम समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। वहीं लोक निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, केडी गोस्वामी,अजीत सिंह डिप्टी कमिश्नर,परियोजना निदेशक अशोक कुमार,डीपीआरओ अभिषेक शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन की कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। बेहतर प्रशासनिक समन्वय, समयबद्ध तैयारियों और प्रभावी प्रबंधन ने सुल्तानपुर को बड़े सरकारी आयोजनों के सफल संचालन की एक नई मिसाल के रूप में स्थापित किया।


