Wednesday, February 11, 2026
Home Blog Page 298

अहमदाबाद विमान हादसें में चौंकाने वाला खुलासा, एयर इंडिया ने की बड़ी गड़बड़ी, 12 ब्रिटिश परिवारों को सौंपे दिए गलत शव

0

London: अहमदाबाद में हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे के बाद मृतकों के शव अभी तक उनके परिवारों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पाए हैं। अब इस हादसे को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। ब्रिटेन में पीड़ित परिवारों के वकीलों ने दावा किया है कि एयर इंडिया ने जिन शवों को ब्रिटिश परिवारों को सौंपा था, उनमें से कम से कम 12 शव गलत लोगों के थे। जब ये शव ब्रिटेन भेजे गए तो पश्चिमी लंदन के वरिष्ठ कोरोनर डॉ. फियोना विलकॉक्स ने पीड़ित परिवारों से प्राप्त डीएनए से उनका मिलान कराया। इस जांच में पता चला कि कई शवों के डीएनए परिवारों के डीएनए से बिल्कुल मेल नहीं खाते। इससे साफ हो गया कि कई ताबूतों में जो शव हैं, वो असली परिजनों के नहीं हैं।
इस खुलासे के बाद कई ब्रिटिश परिवारों को अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार रोकना पड़ा। कुछ शवों के अवशेष वापस भी भेज दिए गए हैं। इस वजह से परिवार गहरे सदमे में हैं क्योंकि वे अब भी नहीं जानते कि उनके अपनों के असली अवशेष कहां हैं। वकील जेम्स हीली प्रैट ने दावा किया कि एक ताबूत में दो अलग-अलग व्यक्तियों के अवशेष भी पाए गए। ऐसे में अंतिम संस्कार से पहले शवों के हिस्सों को अलग करना पड़ा। कुछ शवों की पहचान होने के बाद अब उन्हें धार्मिक रीति-रिवाजों से दफनाया या जलाया गया है।

 

यह हादसा अहमदाबाद में हुआ था, जिसमें एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से  269 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 52 ब्रिटिश नागरिक भी शामिल थे। विमान इमारत से टकराने के बाद आग का गोला बन गया था। हादसे में शव इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया। बाद में डीएनए जांच से शवों की शिनाख्त कर उन्हें परिवारों को सौंपा गया था।
कई परिवारों को अपने परिजनों के अवशेष प्लास्टिक कंटेनर में सौंपे गए। हादसे के दौरान 1500 डिग्री सेल्सियस तापमान में शरीर पूरी तरह जल गए थे, जिससे केवल अवशेष ही बच पाए थे। वकील जेम्स हीली ने कहा कि यह एक बहुत बड़ी लापरवाही है और पीड़ित परिवारों को इसका जवाब चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे तो इस मामले को उठाएंगे। एयर इंडिया की तरफ से अब तक इस बड़ी गड़बड़ी पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन इस खुलासे ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि कहीं बाकी शव भी गलत तो नहीं हैं?

योगी कैबिनेट की अहम बैठक आज, रजिस्ट्री होगी सस्ती! महिलाओं को राहत सहित 24 फैसलों पर मुहर लगना तय!

0

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार शाम यानी आज (22 जुलाई) 4 बजे लोकभवन में कैबिनेट बैठक होगी। इस बैठक में करीब 2 दर्जन से ज्यादा बड़े प्रस्तावों पर फैसला लिया जाएगा। इनमें महिलाओं को संपत्ति रजिस्ट्री में छूट, नई नगर पंचायतों का गठन, विधानमंडल का मानसून सत्र, और पेयजल व कूड़ा प्रबंधन के लिए ज़मीन देने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।

महिलाओं को रजिस्ट्री पर मिलेगी बड़ी छूट
– सरकार महिलाओं को संपत्ति की रजिस्ट्री में स्टांप ड्यूटी में राहत देने जा रही है।
– अब 1 करोड़ रुपए तक की संपत्ति की रजिस्ट्री पर 1% छूट मिलेगी।
– पहले यह छूट सिर्फ 10 लाख की संपत्ति तक थी।
– इससे महिलाओं को आर्थिक मदद मिलेगी और संपत्ति खरीदना आसान होगा।
– साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

शहरी निकायों का विस्तार और नई नगर पंचायतें
– सरकार कई नगर निगम/निकायों की सीमाएं बढ़ाने जा रही है।
– साथ ही 7 नई नगर पंचायतों का गठन किया जाएगा।
– इसका मकसद शहरी इलाकों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करना और शहर व गांव के बीच संतुलित विकास को बढ़ावा देना है।

अगस्त में होगा विधानसभा का मॉनसून सत्र
कैबिनेट बैठक में अगस्त 2025 के पहले सप्ताह में विधानमंडल का मॉनसून सत्र कराने पर भी मंजूरी दी जाएगी। इसके साथ ही CAG (कैग) की तीन रिपोर्टों को सदन में पेश करने की भी तैयारी है। यह प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए अहम कदम है।

पेयजल, सीवरेज और कूड़ा प्रबंधन के लिए मुफ्त जमीन
शहरों में पेयजल, ड्रेनेज, सीवरेज और ठोस कचरा प्रबंधन जैसी योजनाओं के लिए ग्राम समाज की जमीन मुफ्त में दी जाएगी। इससे बुनियादी शहरी सुविधाएं मजबूत होंगी और अमृत योजना के तहत विकास को रफ्तार मिलेगी।

लोक सेवा आयोग की परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) से जुड़ा एक बड़ा बदलाव भी इस बैठक में मंजूरी पा सकता है। अब से आयोग की परीक्षाओं में 3 के बजाय 4 सेट में प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे। इससे परीक्षाएं और ज्यादा पारदर्शी और निष्पक्ष बनेंगी।

अब सिर्फ टैबलेट बांटेगी सरकार, स्मार्टफोन नहीं
– प्रदेश सरकार अब छात्रों को सिर्फ टैबलेट ही देगी, स्मार्टफोन नहीं।
– औद्योगिक विकास विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिलने की संभावना है।
– इसका मकसद डिजिटल शिक्षा और तकनीकी रूप से छात्रों को मजबूत बनाना है।
– सरकार मानती है कि टैबलेट पढ़ाई और कामकाज में ज्यादा उपयोगी साबित होते हैं।

माथे पर तिलक, हाथ में चिकन पिज्जा! डिलीवरी बॉय को लेकर डोमिनोज पर फूटा लोगों का गुस्सा; कंपनी ने माफी मांगी

0

Bareilly News(मोहम्मद जावेद खान): उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सावन के महीने में चिकन पिज्जा की डिलीवरी को लेकर विवाद हो गया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने डोमिनोज पिज्जा आउटलेट के खिलाफ हंगामा किया। आरोप है कि डोमिनोज ने डिलीवरी बॉय की असली पहचान छुपाकर उसे राधा रानी का धार्मिक कुर्ता पहनाकर और माथे पर तिलक लगाकर चिकन पिज्जा डिलीवरी के लिए भेजा। जब यह बात हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को पता चली, तो उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डोमिनोज के कर्मचारियों ने माफी मांगकर मामले को शांत कराया। फिलहाल थाना कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सावन में नॉनवेज पर रोक, डोमिनोज की जांच के लिए ऑर्डर
सूत्रों से मिली जानकारी के मताबिक, यह घटना कोतवाली इलाके की है। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सावन माह के पहले ही फैसला किया था कि सावन के दौरान सोमवार को बरेली शहर के सभी आउटलेट नॉनवेज पिज्जा की बिक्री नहीं करेंगे। इस पर सभी आउटलेट्स ने सहमति भी दे दी थी। इसके बाद हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने डोमिनोज की जांच करने के लिए नॉनवेज पिज्जा का ऑर्डर किया।

डिलीवरी बॉय की पहचान छुपाई, कुर्ता-तिलक लगाकर भेजा
डोमिनोज ने नॉनवेज पिज्जा का ऑर्डर स्वीकार कर लिया। आरोप है कि डोमिनोज ने डिलीवरी बॉय की असली पहचान छुपाकर उसे राधा रानी का कुर्ता पहनाया और माथे पर चंदन का तिलक लगाया, ताकि रास्ते में कोई उसे रोक ना सके। जब डिलीवरी बॉय पिज्जा लेकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं के पास पहुंचा, तो उन्होंने नॉनवेज पिज्जा और डिलीवरी बॉय की असली पहचान छुपाए जाने पर गुस्सा जताया।

पुलिस पहुंची, माफी के बाद मामला शांत, जांच जारी
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। डोमिनोज के कर्मचारियों ने माफी मांगी और कहा कि वह भविष्य में ऐसा कोई काम नहीं करेंगे। हिंदू युवा वाहिनी ने साफ किया है कि सावन के महीने में सोमवार के दिन किसी भी आउटलेट को नॉनवेज पिज्जा नहीं बेचने दिया जाएगा। थाना कोतवाली पुलिस अब इस मामले की पूरी तरह से जांच कर रही है। पुलिस नॉनवेज पिज्जा की डिलीवरी, डिलीवरी बॉय की पहचान छुपाने और हंगामे के पीछे के कारणों को समझने में लगी हुई है।

भगवा वस्त्र पहने…शिवभक्त बनकर कांवड़ शिविरों में घुस रहे चोर, हिंदू नाम बताकर चुरा रहे सामान

0

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान भी चोर बाज नहीं आ रहे और चोरी करने के लिए कांवड़ियों के भेष में घूम रहे है। मुजफ्फरनगर जिले में शिवभक्त बनकर कांवड़ शिविरों में चोर घुस कर कांवड़ियों का सामान चुरा रहे है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की और पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये पांचों लोग आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं।

कांवड़ियों के साथ घुल मिल रहे थे चोर 
आरोपियों की पहचान सुहैल, आसिफ, आसिफ, शमशाद और आबिद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पांचों लोगों को सिविल लाइंस थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर भगवा वस्त्र पहने थे और कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के साथ घुलने-मिलने के लिए हिंदू नामों का इस्तेमाल कर रहे थे।

कांवड़ियों के मोबाइल फोन, बैग चुराने का था इरादा 
पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 (अपराध के सबूत मिटाना या अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना), 318 (धोखाधड़ी) और 319 (छद्मवेश धारण करके धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे कांवड़ियों के मोबाइल फोन, बैग और अन्य सामान चोरी करने के इरादे से विभिन्न कांवड़ शिविरों में घुसते पाए गए थे। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया गया है। आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए उन पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यूपी में बाढ़ का कहर; पांच जिले प्रभावित…खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा, दो लोगों की मौत

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते नदियों के जलस्तर में वृद्धि देखने को मिल रही है। वर्तमान में प्रदेश के पांच जिले बाढ़ से प्रभावित हैं जबकि पिछले 24 घण्टे में प्रतापगढ़ और गोंडा में एक-एक जनहानि हुई है। बाढ़ आपदा राहत विभाग की तरफ से प्रभावित जिलों में एनडीआरएफ की टीम की तैनाती के साथ ही सभी जरूरी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नदियों के जलस्तर से वृद्धि के चलते प्रदेश में बालियां, बाँदा, मिर्जापुर, प्रयागराज और वाराणसी जैसे जिले प्रभावित हैं।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा
बलिया में गंगा खतरे के निशान से 1.505 मीटर ऊपर बह रही हैं जबकि धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान से 90 सेमी ऊपर बह रही है। वहीं, गाजीपुर और बदायूं में गंगा का बहाव खतरे से ऊपर है। आने वाले 24 घंटे में गंगा, चंबल, सोन और घाघरा के जलस्तर में वृद्धि न होने का अनुमान है। राहत आयुक्त भानू चंद्र गोस्वामी के मुताबिक प्रदेश में 26 जिले ऐसे हैं, जहां पर 120 फीसद से अधिक बारिश हुई है। वहीं, 19 जनपद ऐसे हैं जहां पर 120 से 80 प्रतिशत तक बारिश दर्ज की गई है।

NDRF की टीम तैनात 
जानकारी के मुताबिक, 12 जनपद ऐसे हैं जहां पर 80 से 60 प्रतिशत तक बारिश हुई है। इसी तरह 9 जिले ऐसे हैं, जहां पर अत्यधिक कम बारिश दर्ज की गई है। बाढ़ के चलते बलिया जिले की दो तहसील के साथ गांव प्रभावित है। यहां पर एनडीआरएफ की एक टीम तैनात की गई है। वहीं, बांदा में दो तहसीलों के दो गांव प्रभावित हैं। यहां पर भी पीएसी की एक टीम तैनात की गई है। जबकि मिर्जापुर में दो तहसीलों के कुल 6 गांव प्रभावित है। यहां पर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पीएससी की एक टीम के साथ ही एसडीआरएफ की भी टीम लगाई गई है। प्रयागराज की चार तहसीलों के कल 27 गांव प्रभावित हैं। यहां पर भी लोगों की मदद के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरफ की एक-एक टीम व पीएससी की दो टीम तैनात की गई है।

वाराणसी में पांच गांव प्रभावित
वाराणसी में पांच गांव प्रभावित है। यहां पर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एनडीआरएफ की एक टीम तैनात की गई है। शेष किसी भी जनपद में अभी तक बाढ़ की स्थिति नहीं है। प्रदेश में बाढ़ के चलते कुल 13 तहसील में प्रभावित हैं। जिनके अंतर्गत 52 गांव आते हैं। नदियों के जल स्तर में वृद्धि के चलते कुल 2995 लोग प्रभावित हैं। राहत आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में कुल 1013 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई है। यहां पर क्लोरीन और ओआरएस के वितरण के साथ ही खाद्यान्न और लंच पैकेट का वितरण कराया जा रहा है। वही 1750 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। राहत आयुक्त ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 504 मेडिकल टीम गठित की गई है।

छात्रों की मौज! UP के स्कूलों में छुट्टी घोषित, पढ़ाई से मिला छुटकारा; जानें कब से कब तक और कौन-कौन सी कक्षाएं रहेंगी बंद, क्यों लिया गया फैसला

0

नोएडा : सावन महीने को भगवान शिव की भक्ति का पवित्र महीना माना जाता है। इस साल सावन का महीना 11 जुलाई 2025 से शुरू होकर 9 अगस्त 2025 तक चलेगा। इस दौरान सभी सोमवारों के साथ ही सावन शिवरात्रि का भी बहुत महत्व है। देश के अलग-अलग कोने में कांवड़ यात्रा का दौर जारी है। सावन माह की यह पवित्र यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर है।

पहली से 12वीं तक की सभी कक्षाएं बंद 
सावन शिवरात्रि के खास अवसर पर मंदिरों में भीड़ और कांवड़ यात्रा के चलते ट्रैफिक बाधित रहने के कारण स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानी से दूर रखने के लिए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन की ओर से स्कूलों को बंद करने का ऐलान किया गया है। इसी कड़ी में नोएडा के भी स्कूलों में 23 जुलाई को छुट्टी की घोषणा की गई है। इस दिन पहली से लेकर 12वीं तक की सभी कक्षाएं बंद रहेंगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी स्कूल व सरकारी कार्यालय और न्यायालय में अवकाश से संबंधित पत्र जारी किया है।

ऑनलाइन संचालित होंगी कक्षाएं  
प्रशासन के आदेशों के अनुसार, नोएडा के सभी स्कूलों में 23 जुलाई को केवल ऑनलाइन क्लासेस संचालित करने की परमिशन दी गई है। यह नियम केवल एक दिन के लिए मान्य है। 24 जुलाई से सभी स्कूल नियमित रूप से संचालित किये जाएंगे। इसे लेकर प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी स्कूल ने नियमों का पालन नहीं किया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा सकता है।

कांवड़ यात्रा के चलते कहां-कहां बंद रहेंगे स्कूल?
नोटिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा के कारण नोएडा, गाजियाबाद, इसके अलावा मुजफ्फरनगर, मेरठ, बरेली और बदायूं के स्कूल भी 16 जुलाई से 23 जुलाई तक बंद रहेंगे। मेरठ में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के कारण सभी स्कूल बंद हैं।

रिश्वतखोरी; 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते मंडी निरीक्षक गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोचा

0

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से एक और रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। यहां पर भ्रष्टाचार निरोधक (एंटी करप्शन) ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहाड़िया मंडी, कछवा रोड के मंडी निरीक्षक सतेंद्र नाथ को गेट संख्या दो के पास से गिरफ्तार किया है। मंडी निरीक्षक 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा गया है।

एंटी करप्शन ट्रैप टीम के निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि चांदमारी निवासी आढ़ती अजीत कुमार ओझा से ट्रेडिंग कंपनी का लाइसेंस पास कराने के लिए मंडी निरीक्षक सतेंद्र नाथ ने 22 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इस बात की जानकारी होने पर टीम ने प्लान बनाया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल विछाया लिया।

ट्रैप टीम ने घूस लेते रंगेहाथ दबोचा 
ट्रैप टीम के निर्देश पर अजीत कुमार ओझा रुपए लेकर पहाड़िया मंडी के गेट संख्या दो पर चेकपोस्ट के अंदर पहुंचे। पहले से मौजूद सतेंद्र नाथ को जैसे ही अजीत ने रुपए सौंपे, ट्रैप टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सतेंद्र नाथ के हाथ धुलवाने पर गुलाबी रंग से रंग गए। मंडी निरीक्षक को गिरफ्तार कर लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर देकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

‘इकरा हसन से निकाह करूंगा’ बोलने वाला योगेंद्र राणा फरार, मोबाइल स्विच ऑफ; पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज

0

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में समाजवादी पार्टी की चर्चित सांसद इकरा हसन को लेकर करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर योगेंद्र राणा की आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। योगेंद्र राणा ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें उन्होंने इकरा हसन से निकाह (शादी) की इच्छा जताई थी। इसके अलावा उन्होंने एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन ओवैसी पर भी विवादित टिप्पणी की। इस वीडियो के वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया।

शिकायत के बाद मामला दर्ज
वीडियो वायरल होते ही मुरादाबाद की एक महिला सुनीता ने कटघर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस तरह की सार्वजनिक और आपत्तिजनक टिप्पणी किसी महिला की इज्जत के खिलाफ है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने ठाकुर योगेंद्र राणा के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67, 79 और आईपीसी की धारा 354(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
मामला दर्ज होने के बाद से ही ठाकुर योगेंद्र राणा पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। उनका मोबाइल भी बंद है, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में छापेमारी कर उनकी तलाश तेज कर दी है। मुरादाबाद के एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि योगेंद्र राणा की गिरफ्तारी के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

सपा नेताओं का विरोध और सख्त कार्रवाई की मांग
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। समाजवादी पार्टी के कई नेता और विधायक इस घटना पर कड़ी नाराजगी जता रहे हैं। सपा के वरिष्ठ नेता नवाब इकबाल महमूद ने कहा कि ऐसे बयान समाज में नफरत फैलाते हैं और महिलाओं के सम्मान पर हमला है। उन्होंने योगेंद्र राणा को ‘लुच्चा-लफंगा’ बताया और कहा कि ऐसे लोगों की जगह जेल में होनी चाहिए। नवाब इकबाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।

भारी बारिश के बीच Jammu Kashmir में Advisory जारी, अब 24 घंटे…

0

पुंछ: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते एडवाइजरी जारी हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. परवेज अहमद खान ने सार्वजनिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश जिले में जनस्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जारी किया गया है।

CMO कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है :

  • जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थान 24×7 (दिन-रात) खुले रहेंगे ताकि किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
  • जिला अस्पताल पुंछ के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और मेंढर, सुरनकोट एवं मंडी के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसरों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिकित्सा एवं पैरा-मेडिकल स्टाफ की 100% उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • सभी एंबुलेंस पूरी तरह से तैयार हालत में रखी जाएंगी ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सेवा दे सकें।
  • इस अवधि के दौरान किसी भी कर्मचारी को किसी भी प्रकार की छुट्टी नहीं दी जाएगी।
  • सभी स्वास्थ्य संस्थान, यहां तक कि उप-स्वास्थ्य केंद्र (AAM) स्तर तक, आम जनता को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
  • कोई भी कर्मचारी यदि अपनी ड्यूटी में लापरवाह या अनुपस्थित पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

‘प्रधानमंत्री मोदी उपराष्ट्रपति को मनाएं, यही देशहित में…’, जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर बोले जयराम रमेश

0

नई दिल्लीः कांग्रेस ने सोमवार को कहा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का त्यागपत्र समझ से परे है और उन्हें अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए, क्योंकि यही राष्ट्रहित में होगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, धनखड़ को अपना मन बदलने के लिए मनाएंगे। धनखड़ ने सोमवार रात स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति का अचानक इस्तीफा देना जितना चौंकाने वाला है, उतना ही समझ से परे भी। मैं आज शाम लगभग पांच बजे तक कई अन्य सांसदों के साथ उनके साथ था और शाम साढ़े सात बजे उनसे फोन पर बात की थी।” उन्होंने कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं कि धनखड़ को अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी, लेकिन स्पष्ट रूप से उनके पूरी तरह से अप्रत्याशित इस्तीफे में जो दिख रहा है, उससे कहीं अधिक कुछ है। हालांकि, यह अटकलों का समय नहीं है।”

रमेश ने कहा, “धनखड़ ने सरकार और विपक्ष, दोनों को समान रूप से आड़े हाथों लिया। उन्होंने मंगलवार दोपहर एक बजे कार्य मंत्रणा समिति की बैठक तय की थी। वह कल न्यायपालिका से जुड़ी कुछ बड़ी घोषणाएं भी करने वाले थे।”

कांग्रेस महासचिव ने कहा, “हम उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं, लेकिन उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का भी अनुरोध करते हैं। हम यह भी उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी, धनखड़ को अपना मन बदलने के लिए मनाएंगे। यही देशहित में होगा। विशेषकर कृषक समुदाय को काफी राहत मिलेगी।”