Saturday, March 7, 2026
Home Blog Page 2

‘हे ईश्वर, राष्ट्रपति को दें ज्ञान…’ जब पादरियों ने ट्रंप के कंधे पर हाथ रखकर मांगा दिव्य आशीर्वाद, देखें वायरल तस्वीर

0

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच व्हाइट हाउस से सामने आई एक तस्वीर दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान सार्वजनिक रूप से अपनी आस्था का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईश्वर उनके “प्रभु और उद्धारकर्ता” हैं। कार्यक्रम में कई ईसाई पादरी भी मौजूद थे, जिन्होंने अमेरिका और राष्ट्रपति के लिए प्रार्थना की। इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इस पर बहस शुरू हो गई।

ओवल ऑफिस में हुई विशेष प्रार्थना सभा

यह प्रार्थना सभा व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित की गई थी। वहां मौजूद लोगों के अनुसार जैसे ही प्रार्थना शुरू हुई, राष्ट्रपति ट्रंप ने सिर झुका लिया और आंखें बंद कर लीं। इस दौरान कई पादरी उनके आसपास खड़े हो गए और उनके कंधों पर हाथ रखकर देश की सुरक्षा, नेतृत्व और भविष्य के लिए प्रार्थना की। पादरियों ने ईश्वर से अमेरिका को सही दिशा देने और कठिन समय में नेतृत्व को मजबूती देने की प्रार्थना की।

पादरियों ने क्या कहा?

प्रार्थना के दौरान पादरियों ने कहा कि अमेरिका इस समय एक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर राष्ट्रपति को सही फैसले लेने की बुद्धि दें और देश को आने वाली चुनौतियों से सुरक्षित रखें। उनका कहना था कि जब दुनिया में अनिश्चितता बढ़ती है, तब आध्यात्मिक मार्गदर्शन और विश्वास लोगों को मानसिक शक्ति देता है।

PunjabKesari

प्रार्थना के बाद ट्रंप का बयान

प्रार्थना खत्म होने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने संक्षेप में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कठिन समय में देश को विश्वास और एकता की जरूरत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को चुनौतियों का सामना करने के लिए अपने आध्यात्मिक मूल्यों को याद रखना चाहिए। ट्रंप के समर्थकों का मानना है कि यह संदेश देश को नैतिक और आध्यात्मिक आधार पर मजबूत बनाने की कोशिश है।

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच हुई यह घटना

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान मध्य-पूर्व क्षेत्र में आक्रामक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। दूसरी तरफ ईरान इन आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की परिस्थितियों में राजनीतिक नेताओं के बयान और प्रतीकात्मक घटनाएं अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बड़ा महत्व रखती हैं।

संघर्ष में धार्मिक भाषा का बढ़ता इस्तेमाल

कई विशेषज्ञों का कहना है कि इस पूरे संघर्ष में धार्मिक विचारधारा और भाषा का इस्तेमाल भी बढ़ता दिखाई दे रहा है। ईरान की राजनीति में धार्मिक नेतृत्व का प्रभाव पहले से ही महत्वपूर्ण माना जाता है। अब अमेरिका में भी कुछ राजनीतिक बयान धार्मिक संदर्भों के साथ सामने आ रहे हैं, जिससे इस मुद्दे पर नई बहस शुरू हो गई है।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

प्रार्थना सभा का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। ट्रंप के समर्थकों ने इसे उनकी आस्था और आध्यात्मिकता का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि कठिन समय में ईश्वर में विश्वास लोगों को मानसिक ताकत देता है। वहीं कुछ आलोचकों ने इस पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि सरकार और धर्म को एक साथ जोड़ना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सही नहीं माना जाता।

राजनीतिक नजरिए से भी अहम संदेश

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना का एक राजनीतिक संदेश भी हो सकता है। अमेरिका में ईवेंजेलिकल ईसाई समुदाय लंबे समय से ट्रंप का समर्थक रहा है।
ऐसे में सार्वजनिक रूप से धार्मिक आस्था व्यक्त करना इस समुदाय के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा सकता है।

अमेरिकी सेना से जुड़ा एक और विवाद

एक और विवाद ने अमेरिका की सेना में हलचल पैदा कर दी है। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ सैन्य अधिकारियों ने अपने जवानों से कहा कि ईरान के साथ संभावित युद्ध “ईश्वर की योजना” का हिस्सा है। धार्मिक स्वतंत्रता पर नजर रखने वाले संगठन मिलिट्री रिलीजियस फाउंडेशन ने इस मामले में सैकड़ों शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतों में यह भी कहा गया कि एक कमांडर ने सैनिकों से कहा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यीशु ने चुना है।” MRFF के अध्यक्ष और पूर्व एयर फोर्स सैनिक माइकी वेनस्टीन ने टिप्पणी की कि जब भी अमेरिका या इजरायल मिडिल ईस्ट में सक्रिय होते हैं, ईसाई राष्ट्रवादियों से जुड़े इस तरह के बयान अक्सर सामने आते हैं।

 

राज्यसभा चुनाव 2026: झारखंड में खाली हो रही दो सीटों पर झामुमो की नजर, कांग्रेस से की ‘बड़ा दिल’ दिखाने की अपील

0

Jharkhand News: झारखंड में इस साल होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने साफ संकेत दिया है कि वह राज्य से खाली हो रही दोनों सीटों पर अपनी दावेदारी चाहता है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अंतिम फैसला गठबंधन सहयोगियों से चर्चा के बाद लिया जाएगा।

“दोनों सीटें झामुमो के खाते में जाएं”
दरअसल, झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से एक सीट पार्टी के संस्थापक और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन के निधन के बाद पहले से रिक्त है। वहीं दूसरी सीट पर सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में इस साल राज्य से दो नए राज्यसभा सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। इसको लेकर झामुमो ने अपनी दावेदारी मजबूत तरीके से रखी है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में उनकी इच्छा है कि दोनों सीटें झामुमो के खाते में जाएं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व गठबंधन के सहयोगी दलों से चर्चा के बाद करेगा।

“कांग्रेस को ‘बड़ा दिल’ दिखाना चाहिए”
पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्य में झामुमो की राजनीतिक स्थिति मजबूत है, इसलिए दोनों सीटों पर उसका दावा स्वाभाविक है। कार्यकर्ताओं की भी यही राय है कि राज्यसभा की दोनों सीटें झामुमो को मिलनी चाहिए। प्रवक्ता मनोज पांडे ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन के भीतर बेहतर समन्वय बनाया जाएगा। सभी सहयोगी दलों को विश्वास में लेकर ही अंतिम फैसला होगा। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन धर्म को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को इस मुद्दे पर “बड़ा दिल” दिखाना चाहिए, ताकि झामुमो अपनी दावेदारी को मजबूत कर सके।

फिलहाल इस मुद्दे पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और राजद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजरें गठबंधन दलों के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।

Heart Symptoms Alert: सुबह उठते दिखें शरीर में ये लक्षण तो तुरंत कराएं अपना चेकअप, हार्ट अटैक से पहले की हो सकती ‘वॉर्निंग’

0

Heart Symptoms Alert: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी सेहत को अक्सर पीछे छोड़ देते हैं। खराब रूटीन, देर रात तक जागना और जंक फूड का शौक अब हमारे दिल पर भारी पड़ रहा है. चौंकाने वाली बात यह है कि जो दिल की बीमारियां पहले सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित थीं, वे अब युवाओं को भी अपना शिकार बना रही हैं। अक्सर हार्ट अटैक अचानक नहीं आता, बल्कि हमारा शरीर हमें कुछ शुरुआती संकेत देता है, जिन्हें हम मामूली समझकर टाल देते हैं। खास तौर पर सुबह सोकर उठते समय दिखने वाले कुछ लक्षण आपके दिल की सेहत का हाल बयां कर सकते हैं।

क्या है ‘मॉर्निंग हाइपरटेंशन’ और क्यों है यह खतरनाक?

ब्लड प्रेशर को अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है क्योंकि यह चुपके से शरीर को खोखला करता है। हमारे शरीर का बीपी पूरे दिन बदलता रहता है, लेकिन सुबह सोकर उठते ही जब यह अचानक बढ़ जाता है, तो इस स्थिति को मेडिकल भाषा में ‘मॉर्निंग हाइपरटेंशन’ कहते हैं. सुबह के समय शरीर को जगाने के लिए कुछ हार्मोन्स एक्टिव होते हैं, जिससे बीपी थोड़ा बढ़ना सामान्य है, लेकिन अगर यह लेवल लगातार ज्यादा रहे तो यह सीधे तौर पर हार्ट अटैक या स्ट्रोक को न्यौता देता है।

इसके पीछे की वजह बढ़ता हुआ कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज, थायरॉइड या फिर नींद की कमी हो सकती है। अगर आप बहुत अधिक तनाव में रहते हैं या आपकी किडनी में कोई समस्या है, तो भी सुबह का ब्लड प्रेशर अनियंत्रित हो सकता है।

वे 4 बड़े संकेत जो खतरे की ओर इशारा करते हैं

अगर सुबह उठते ही आपको नीचे दी गई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो समझ लीजिए कि आपके दिल को तुरंत मदद की जरूरत है:-

  1. सिर का भारीपन या तेज दर्द: सोकर उठते ही अगर सिर में तेज दबाव या दर्द महसूस हो, तो इसे केवल माइग्रेन या थकान न समझें, यह नसों पर बढ़ते रक्त के दबाव का संकेत हो सकता है।
  2. नाक से अचानक खून आना: जब ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो नाक की बारीक नसें उसे झेल नहीं पातीं और फट जाती हैं। इसे कभी भी हल्के में न लें।
  3. आंखों के आगे अंधेरा या चक्कर: सुबह बिस्तर से उठते ही अगर सिर घूमने लगे या धुंधला दिखाई दे, तो यह बीपी में उतार-चढ़ाव का बड़ा लक्षण है।
  4. बिस्तर छोड़ते ही कमजोरी: रात भर की नींद के बाद भी अगर आप खुद को ऊर्जाहीन महसूस करते हैं और शरीर में भारी सुस्ती रहती है, तो यह संकेत है कि आपका दिल सही तरीके से पंप नहीं कर पा रहा है।

खुद को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें?

दिल की इस जंग को आप अपनी आदतों में छोटे बदलाव करके जीत सकते हैं. सबसे पहले अपने खाने में नमक का इस्तेमाल कम करें और संतुलित आहार लें. सुबह की हल्की धूप में सैर करना और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना जादुई असर दिखा सकता है. सिगरेट और शराब जैसी आदतों को अलविदा कहें और कोशिश करें कि तनाव को खुद पर हावी न होने दें. सबसे जरूरी बात, नियमित अंतराल पर अपना हेल्थ चेकअप कराते रहें ताकि किसी भी खतरे को वक्त रहते पहचाना जा सके.

मां बनी ‘आंखें’, पिता का मिला अटूट साथ…किसान के नेत्रहीन बेटे ने UPSC में गाड़ा झंडा, हासिल की 20वीं रैंक

0

UPSC Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें बिहार के नवादा जिले के एक लाल ने अपनी सफलता से पूरे देश को चौंका दिया है। अकबरपुर प्रखंड के महुली गांव के रहने वाले रवि राज ने देशभर में 20वीं रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो शारीरिक अक्षमता भी सफलता की राह नहीं रोक सकती। बचपन में आंखों की रोशनी खो देने वाले रवि अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगे।

मां बनीं ‘आंखें’, पिता का मिला अटूट साथ 

रवि की यह सफलता केवल उनकी मेहनत का ही नहीं, बल्कि उनकी मां विभा सिन्हा के तप का परिणाम है। रवि ने बचपन में ही अपनी दृष्टि खो दी थी, लेकिन उनकी मां ने उनके सपनों की रोशनी को कम नहीं होने दिया। विभा सिन्हा स्वयं पुस्तकें पढ़कर रवि को सुनाती थीं और उनके लिए नोट्स तैयार करती थीं। रवि प्रतिदिन 8-10 घंटे घर पर ही रहकर पढ़ाई करते थे। उन्होंने अपनी तैयारी में तकनीक का बखूबी सहारा लिया और यूट्यूब पर खान सर जैसे शिक्षकों के लेक्चर्स सुनकर अपनी समझ विकसित की।

BPSC के बाद अब UPSC में गाड़ा झंडा 

यह रवि की पहली बड़ी सफलता नहीं है। इससे पहले उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में भी जिला टॉपर बनकर राजस्व अधिकारी का पद प्राप्त किया था। हालांकि, उनका लक्ष्य हमेशा से आईएएस बनना था, जिसे उन्होंने आज अपनी कड़ी मेहनत से साकार कर लिया है।

आज का राशिफल जानिए क्या कहते हैं आपके नक्षत्र

0

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज का दिन उत्तम फल देने वाला रहेगा। पूर्व निर्धारित योजनाएं पूरी या सफल हो सकती है। कार्य क्षेत्र पर मेहनत के कारण थकान व आर्थिक लाभ के योग है। आज आप बिना विचारे कोई भी कार्य ना करें । सरकारी कार्यो में भी लाभ होगा। सामाजिक क्षेत्र पर अधिक बोलने से बचें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा । यात्रा शुभदायक रहेगी। सेहत संध्या के आसपास नरम होने की संभावना है।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

आज का दिन आपकी आशाओं की पूर्ति कराने वाला रहेगा। दिन भर मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ्य रहेंगे। कार्य क्षेत्र अथवा घरेलू झगड़ो को टालने के लिए छोटी-मोटी बातों को अनदेखा करें। कार्य क्षेत्र पर परिश्रम के अनुसार लाभ मिलेने से संतोष रहेगा आज किसी पैतृक संपत्ति के मामलो में उलझने रहेंगी पुश्तैनी कार्य मे खर्च भी हो सकता है। दिन शुभ है नए कार्यो में निवेश कर सकते है भविष्य के लिये लाभदायक रहेगा। पारिवारिक सदस्यों में आपसी सामंजस्य बना रहेगा फिर भी किसी से बहस ना करें।

 

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज का दिन सभी प्रकार से लाभ देने वाला रहेगा परन्तु आज आपको किसी अच्छे मार्गदर्शक की आवश्यकता पड़ेगी। आपके व्यवहार में गर्मी रहने से बीच-बीच में बना बनाया वातावरण अशान्त भी हो सकता है। मध्यान बाद परिजनो की इच्छा पूर्ती करने से घर में सुख शांति रहेगी। लंबी यात्रा यथासंभव टालें स्वास्थ्य बिगड़ने की संभावना है। विरोधी आपसे बच कर रहेंगे। आज अनैतिक संसाधनों से भी धन लाभ की संभावना है।

 

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज के दिन का पूर्वार्ध खुशी वाला रहेगा। कहीं से कोई भी आशा दिखने से कार्य बनते जाएंगे। घर का वातावरण शान्त रहने से मानसिक स्थिति सुधरेगी क्रोध में आकर कोई निर्णय ना ले बाद में पश्चाताप होगा। दोपहर के बाद स्थिति में और भी सुधार आने लगेगा ।आज परिजनों की ही सहायता अथवा मार्गदर्शन से बिगड़े काम बनेंगे। मध्यान बाद किसी वरिष्ठ व्यक्ति का सहयोग मिलने से आर्थिक एवं अन्य समस्या सुलझेंगी।

 

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज के दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। नए कार्य का आरम्भ कर सकते हैं। धार्मिक कार्यक्रम में मन लगेगा। दोपहर के बाद सेहत में उतार चढ़ाव आने से कार्य क्षेत्र पर उदासीनता रहेगी फिर भी खर्च लायक धन लाभ होने से स्थिति बराबर रहेगी। आज कोई भी कार्य करने से पहले परिवार के बुजुर्गो की राय अवश्य लें। पारिवारिक सदस्य के कारण सामाजिक प्रतिष्ठा में बढोतरी आ सकती है। सन्तान से सुख मिलेगा।

 

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज के दिन आपका स्वास्थ्य उत्तम रहने से मानसिक रूप से किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। अपनी पुरानी योजनाओं को सिरे चढ़ायेंगे परिस्थितियां भी आपके साथ रहने से कार्यो में सफलता सुनिश्चित रहेगी लेकिन स्वभाव का आलस्य हर काम मे विलम्ब करा सकता है इससे बचें। व्यवहार में थोड़ा रूखापन रहने से बीच-बीच में व्यवधान भी आएंगे परन्तु इनसे पार पा लेंगे। आज कम् साधन होने पर भी कार्यो को आत्मविश्वास से करेंगे। घरेलु दिनचर्या सामान्य रहेगी। संतान के भविष्य को लेकर योजनाबद्ध हो हैं।

 

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन राहत का अनुभव करेंगे। कार्यो को लेकर पहले थोड़ा आशंकित रहेंगे परन्तु एक बार सफलता मिलने पर यही क्रम दिन भर बना रहेगा। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन बेहद खास रहेगा धन की आमद रुक रुक कर होने से मन प्रसन्न रहेगा परन्तु उधार के व्यवहार आज ना ही करें तो बेहतर रहेगा। नौकरी पेशा जातक आज भी व्यस्तता के चलते घर में आलोचना का शिकार बनेंगे लेकिन सामाजिक स्तर पर आपकी छवि निखरेगी। स्वास्थ्य थोड़ा नरम रहेगा।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपका आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यवस्तता अधिक रहने से पारिवारिक आवश्यकताओ पर ध्यान कम दे पाएंगे। बौद्धिक क्षमता बढ़ने से उलझे हुए कार्य को भी सहजता से सुलझा लेंगे। धन सम्बंधित कार्य निर्विघ्न पूर्ण होंगे । विपरीत लिंगियो से मधुर सम्बंध होंगे। प्रेम प्रसंगों में भावुकता अधिक रहेगी आज सतर्क रहें। धन से अधिक संबंधो को प्राथमिकता दें। सेहत और पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज का दिन शुभ फलदायी रहेगा। घर एवं बाहर आज विवेक से कार्य करें। धार्मिक क्षेत्र में रूचि बढेगी । मान सम्मान मिलेगा व सामाजिक दायरा भी बढेगा ।घर के सदस्य अथवा स्वयं पर खर्च करना पड़ेगा। छाती में संक्रमण अथवा गले सम्बंधित परेशानी रहेगी। सन्तानों से मधुर सम्बन्ध रहेंगे। मनोरंजन के लिए समय निकाल पाएंगे।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज भी परिस्थितियां आपकी आशाओं के अनुकूल रहेंगी । आज किसी विशेष व्यक्ति द्वारा सम्मान की स्थिति बनाने से गर्व महसूस करेंगे। स्वभाव से आज संतुष्ट रहेंगे लेकिन प्रलोभन में आकर बिना विचारे कोई भी कार्य ना करें छोटी सी भूल लाभ को हानि में बदल सकती है। आज धन लाभ के लिये विभिन्न युक्तियां लगाएंगे संध्या के समय स्वजनों के सहयोग से भ्रम से बाहर निकलेंगे। आर्थिक आयोजन लाटरी सट्टे में निवेश करने के लिए भी यह समय उपयुक्त रहेगा आकस्मिक लाभ हो सकता है। महिला मित्रो के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज दिन का पहला भाग आलस्य के कारण बेकार हो सकता है। लेट-लतीफी के कारण महत्त्वपूर्ण कार्य बिगड़ने की भी संभावना है। कार्य क्षेत्र पर अधूरे कार्यो को लेकर परेशानी में पड़ सकते है फिर भी धन लाभ के योग तो है साथ में आपके राजसी खर्च बने रहने से बचत कम कर पाएंगे। मध्यान के बाद अधिकांश कार्य आपके परिश्रम से सुधरने लगेंगे। रिश्तेदारी के व्यवहार से लाभ होने की सम्भवना है । कार्य क्षेत्र पर सहकर्मियों से पहले नाराजगी रहेगी बाद में स्थिति सामान्य हो जायेगी। मनोरंजन बना रहेगा।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज के दिन मौज-शौक के प्रति अधिक आकर्षण रहेगा जिसके चलते आप कार्यो के प्रति लापरवाही दिखाएंगे । रोजगार के योग है । फिजूल खर्च बढ़ेंगे। यात्रा-पर्यटन की योजना बनेगी। कार्य क्षेत्र पर अनुकूल वातावरण मिलने के बाद भी आर्थिक दृष्टिकोण से किसी अन्य के ऊपर निर्भर रहेंगे। आज अपनी ही किसी गलती के कारण हानि होने से बचें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

होली की खुशियां मातम में बदली: ससुराल ले जाने के बहाने पत्नी का कत्ल, फिर खुद के पेट में मारा चाकू; रोंगटे खड़े कर देगी ये वारदात!

0

Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां सोनकपुर ओवरब्रिज के पास घने जंगल में एक पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पति ने पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की और फिर उसी चाकू से खुद की जीवनलीला भी समाप्त कर ली।

होली मिलने का बहाना और मौत का जाल
मृतक विनोद उर्फ विक्की और उसकी पत्नी ममता नवीन नगर के रहने वाले थे। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे विनोद ने ममता से कहा कि वे होली मिलने के लिए ससुराल चलेंगे। ममता खुशी-खुशी उसके साथ बाइक पर बैठ गई, लेकिन विनोद उसे ससुराल ले जाने के बजाय सोनकपुर के जंगल में ले गया। वहां सुनसान जगह देखकर विनोद ने ममता पर हमला कर दिया और चाकू से उसका गला रेत दिया।

शादी के 9 साल बाद भी सूनी थी गोद, दूसरी शादी की थी सनक
परिजनों ने इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह बताई है कि शादी के 9 साल बीत जाने के बाद भी दोनों की कोई संतान नहीं थी, जिसे लेकर घर में अक्सर कलेश रहता था। ममता के परिवार का आरोप है कि विनोद दूसरी शादी करना चाहता था। वह इसके लिए बिहार भी गया था, लेकिन बात नहीं बनी। ममता ने अपनी मां को बताया था कि विनोद उसे संतान न होने का ताना देता था और दूसरी शादी के रास्ते से हटने के लिए प्रताड़ित करता था।

पुलिस की कार्रवाई और घटनास्थल का मंजर
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि काशीराम कॉलोनी के पास जंगल में दो शवों की सूचना मिली थी। मौके पर पति और पत्नी के शव कुछ दूरी पर पड़े थे। पुलिस को पास ही उनकी बाइक भी बरामद हुई है। जांच में सामने आया कि पत्नी की हत्या करने के बाद विनोद ने खुद के पेट में चाकू मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।

10 महीने का इंतजार और आधी रात को गूंजी चीख: पत्नी के गम में डूबे पति ने उठाया वो कदम, जिसे देख कांप उठा पूरा गांव

0

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां जलेसर थाना क्षेत्र के पुन्हेरा गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की जुदाई और पारिवारिक कलह से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। बुधवार रात 32 वर्षीय दुष्यंत ने देसी तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

10 महीने का इंतजार और जानलेवा तनाव
ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, दुष्यंत पिछले काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर भारी मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी पिछले 10 महीनों से अपने मायके में रह रही थी। दुष्यंत ने उसे वापस लाने की कई बार कोशिश की, लेकिन पत्नी के न लौटने से वह भीतर ही भीतर टूट चुका था। बुधवार की रात इसी गम और तनाव में उसने शराब का सेवन किया और फिर खौफनाक कदम उठा लिया।

तमंचे की गूंज और पसरा सन्नाटा
नशे की हालत में दुष्यंत ने घर में रखे अवैध देसी तमंचे से खुद पर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दुष्यंत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही जलेसर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव के पास से ही वह देसी तमंचा बरामद कर लिया है, जिससे गोली चलाई गई थी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह मामला पारिवारिक तनाव के कारण की गई आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय की पुष्टि हो सकेगी।

रॉन्ग साइड से आई फॉर्च्यूनर ने छात्रों को रौंदा, BRD मेडिकल कॉलेज के छात्र की दर्दनाक मौत; रेलिंग में फंसा रह गया शव

0

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक बेकाबू फॉर्च्यूनर ने खौफनाक तांडव मचाया है। मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर गलत दिशा (Wrong Side) से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने स्कूटी और बाइक सवारों को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि देखने वालों की रूह कांप गई। इस भीषण हादसे में BRD मेडिकल कॉलेज के एक होनहार छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं।

रेलिंग में लटका रह गया छात्र का शव
चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी सवार युवक हवा में कई फीट ऊपर उछला और सीधे ओवरब्रिज की लोहे की रेलिंग में जाकर फंस गया। युवक का शव काफी देर तक रेलिंग से लटका रहा, जिसे देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। मृतक की पहचान संतकबीरनगर निवासी आकाश पांडेय (22 वर्ष) के रूप में हुई है। आकाश BRD मेडिकल कॉलेज में MBBS थर्ड ईयर का छात्र था और भविष्य में डॉक्टर बनकर सेवा करने का सपना देख रहा था।

हादसे में कई घायल, मची चीख-पुकार
इस दुर्घटना में कुल 4 लोग फॉर्च्यूनर की चपेट में आए। आकाश की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि 2 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। एक अन्य राहगीर को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने आकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, जिससे गाड़ी का नंबर (UP 32 LR 0013) पता चला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गोल्डेन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी लग्जरी गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या चालक नशे में था या यह केवल लापरवाही का मामला है।

मामूली कहासुनी में भतीजे ने उठाया खौफनाक कदम, चाची की गोली मारकर की हत्या

0

मेरठ: जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक को अपनी चाची की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (मवाना) पंकज लवानिया ने बताया कि गणेशपुर गांव में 18 वर्षीय युवक शिवा त्यागी ने अपनी चाची पूजा (33) को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया था। हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया। लवानिया ने बताया कि आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी अपनी चाची से आए दिन कहासुनी व झगड़ा होता था और इसी मनमुटाव के कारण उसने उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

UP Assembly Elections 2027: संगठन और सरकार के बीच तालमेल बढ़ाने पर बीजेपी का जोर, कानपुर में कल होगा मंथन

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी से रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में संघ, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बैठकों का दौर जारी है।

भाजपा के प्रदेश नेतृत्व की ओर से क्षेत्रवार समन्वय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें संगठन के पदाधिकारी, सरकार के मंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। इन बैठकों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा करना, संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाना और आगामी चुनाव की रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है। इसी कड़ी में पश्चिम क्षेत्र की समन्वय बैठक आज गाजियाबाद में आयोजित की जा रही है। इसके बाद कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक शुक्रवार को कानपुर में होगी। वहीं ब्रज क्षेत्र की समन्वय बैठक 7 मार्च को आगरा में प्रस्तावित है।

इससे पहले 28 फरवरी को अवध क्षेत्र की बैठक लखनऊ में आयोजित की जा चुकी है। इसके अलावा 1 मार्च को वाराणसी में काशी क्षेत्र और 2 मार्च को गोरखपुर में गोरक्ष क्षेत्र की बैठक संपन्न हो चुकी है। इन बैठकों में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि इन बैठकों के साथ ही भाजपा प्रदेश संगठन और राज्य मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर भी मंथन चल रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से इस पर आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं आया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा ने 2027 के चुनाव को लेकर अभी से जमीनी स्तर पर रणनीति बनानी शुरू कर दी है, जिससे संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाकर चुनावी तैयारी को मजबूत किया जा सके।