औरैया। जिले में तीन प्रधान, एक बीडीसी व 25 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए उप चुनाव होगा। इसके लिए 19 फरवरी को मतदान होगा। 21 फरवरी को वोटों की गणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे।शनिवार से ब्लॉक मुख्यालय पर विभिन्न पदों की नामांकन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए निर्वाचन विभाग ने सारी तैयारी पूरी कर ली हैं। औरैया में तीन प्रधान व एक बीडीसी का पद खाली हैं।इनके अलावा औरैया सदर ब्लॉक को छोड़कर अन्य ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में भी 25 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली हैं। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक सभी ब्लॉकों में रिक्त पदों के लिए आठ फरवरी से नामांकन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सुबह दस बजे से शुरू यह प्रक्रिया दोपहर चार बजे तक ब्लॉक मुख्यालयों पर अपनाई जाएगी। दस फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 11 फरवरी को नाम वापसी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
19 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। वोटिंग समाप्ति के बाद सील मतपेटियां ब्लॉक मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी जाएगी। 21 फरवरी को सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी। तत्पश्चात वोटों की गिनती कर नतीजे घोषित किए जाएंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि नामांकन प्रकि्रया शुरू होगी। यह 11 फरवरी तक चलेगी।
ब्लॉकवार आरओ-एआरओ नियुक्त
जिला मजिस्ट्रेट डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पंचायत उप चुनाव के लिए ब्लॉकवार निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी तैनात किए हैं। इसमें भाग्यनगर ब्लॉक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी आशुतोष कुमार को आरओ व सिंचाई खंड के अवर अभियंता कृष्ण पाल सिंह एआरओ नियुक्त किया है।
अजीतमल ब्लॉक में नलकूप खंड अधिशासी अभियंता राकेश कुमार आरओ, आरईएस के अवर अभियंता भगवान दास वर्मा को एआरओ बनाया है। सहार में सिंचाई खंड दिबियापुर के एई सतीश चंद्र को आरओ, सिंचाई खंड के अवर अभियंता हरिश्चंद्र को एआरओ, एरवाकटरा में एआर कोऑपरेटिव सहायक निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह को आरओ, आईटीआई के प्रमोद सिंह को एआरओ नियुक्त किया।
इसी प्रकार बिधूना में भूमि संरक्षण अधिकारी विजय सिंह को आरओ, आईटीआई बिधूना के विकेश गुप्ता को एआरओ को बनाया है। अछल्दा में कृषि प्रसार अधिकारी उपसंभागीय हिमांशु रंजन श्रीवास्तव आरओ, लोनिवि के अवर अभियंता प्रमोद प्रकाश को एआरओ नियुक्त किया है।
इनके अलावा भूमि संरक्षण अधिकारी विमलेश कुमार रिजर्व आरओ बनाए गए हैं। इनके सहयोग में आईटीआई अनुदेशक लालचंद्र व पीएमजेएसवाई के अवर अभियंता फिरोज आलम एआरओ बनाए गए हैं।