औरैया। सहायल में फैले बुखार के प्रकोप के बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव में डेरा डाला है। टीम ने बुखार के मरीजों की जांच की। और 36 मरीजों के सैंपल भी लिए। हालांकि रिपोर्ट में वायरल बुखार आया। वहीं, डेंगू के एक संदिग्ध मरीज को पीएचसी में भर्ती कराया गया। एलाइजा जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट का विभाग को इंतजार है। उधर, पीएचसी में भी वायरल बुखार से ग्रसित मरीज बड़ी तादाद में पहुंचे जिन्हें किट से जांच के बाद दवाएं बांटी गईं।
सहायल गांव में बुधवार को बुखार से ग्रसित एक वृद्धा की मौत हो गई थी। इस पर संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने गांव में फैले बुखार की हकीकत जांची थी। 10 अक्तूबर को खबर प्रकाशन के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया है। गुरुवार को गांव में किट से हुई जांच में एक मरीज के डेंगू होने की आशंका जताई गई थी। जिसे शुक्रवार को पीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरे दिन शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम के पहुंचने के बाद बुखार से पीड़ित मरीज घरों से निकलकर शिविर में पहुंचे।
शिविर में डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की किट से जांच की। यहां पर 36 मरीजों की जांच किट से हुई। जांच में वायरल बुखार पाया गया जिन्हें दवाएं भी दी गई। शिविर में सुबह से दोपहर तक जांच का दौर जारी रहा। उधर पीएचसी में भी मरीजों की भीड़ उमड़ी। पीएचसी के डॉ. अभय कुमार ने बताया कि गांव में बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच की गई है। 36 मरीजों के सैंपल लिए गए हैं जबकि डेंगू की आशंका पर एक मरीज को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। एलाइजा रिपोर्ट आने के बाद हकीकत पता चलेगी। ——————
गांव में सफाई अभियान हुआ तेज
फोटो-10एयूआरपी 04- नालियों की सफाई करते कर्मी। संवाद
सहायल में बुखार तेजी से फैलने पर पंचायती राज विभाग भी हरकत में आया है। गली-मोहल्लों में बजबजाती नालियों की सफाई शुरू कराई गई है। सफाई कर्मी दिनभर इस काम में जुटे रहे। सचिव से लेकर ब्लॉक के जिम्मेदार इस अभियान की सुध लेते रहे।