Thursday, February 19, 2026
Home Blog Page 188

Auraiya News: यमुना किनारे हैचरी बनाकर कछुओं का होगा संरक्षण, नदी भी होगी स्वच्छ

0
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से कई सालों से गंगा, यमुना और चंबल नदी में जलीय जीव जंतुओं के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। जलीय जंतुओं की संख्या बढ़ाने का यह प्रयास पहली बार औरैया में शुरू किया गया है। खास बात तो यह है कि जलीय जंतुओं की संख्या बढ़ने से नदी की सफाई भी प्राकृतिक रूप से हो जाती है। संस्था के स्टेट कोऑर्डिनेटर हरिमोहन मीणा ने बताया कि जिले में पहली पर कछुआ संरक्षण की पहल की गई है। गूंज गांव में यमुना नदी के किनारे काम भी शुरू कर दिया गया है। इस संरक्षण केंद्र में चित्रा इंडिका, इंडियन टेंट तुर्टल सहित अन्य प्रजाति के कछुआ के अंडों को संरक्षित किया जाएगा। जब इनमें से शावक निकलेंगे। इन्हें यमुना नदी में छोड़ दिया जाएगा।
पचनंद क्षेत्र में पांच नदियों का संगम है। इस कारण चंबल से घड़ियाल, कछुआ व डाल्फिन मछली बड़ी संख्या में यमुना में आ जाती है। जिनके संरक्षण की जरूरत है। स्थानीय लोगों को भी इन जलीय जंतुओं की जानकारी दी जा रही है ताकि वो भी इनका महत्व समझें। नमामि गंगे की जिला परियोजना अधिकारी साक्षी शुक्ला ने बताया कि डब्ल्यूडब्ल्यूएफ संस्था की तरफ से कछुआ संरक्षण यमुना के किनारे किया जा रहा है। इससे कछुआ और घड़ियाल आदि की संरक्षण होगा और संख्या बढ़ेगी। इससे नदी का ईको सिस्टम ठीक होगा और फ्लो आदि अच्छा होगा।

कंचौसी भाईदूज पर स्टेशन में भीड़भाड़, ट्रेनों की कमी ने छकाया

0

कंचौसी। भाईदूज का पर्व गुरुवार को मनाया गया। ऐसे में ट्रेनों में खासी भीड़ रही। ट्रेनों में सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की भी हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ पुलिस बल भी तैनात रहा।कंचौसी रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की कतार टिकट काउंटर पर लगने लगी। सबसे अधिक भीड़ इटावा, टूंडला, कानपुर, पनकी धाम, लखनऊ, बनारस, फतेहपुर व प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों की रहीं। सुबह कानपुर की ओर से आने वाली ट्रेनों में खूब मारामारी रही। कानपुर की ओर जाने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेनें अपने समय से एक घंटे की देरी से कंचौसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं।

इसके साथ ही चंडीगढ़ से चलकर प्रयागराज संगम तक जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटा और भटिंडा से बालुरघाट तक जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस 25 मिनट की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। इस संबंध स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया भाई दूज के पर्व पर रेलवे स्टेशन पर भीड़ रही, ट्रेनें पीछे के स्टेशनों से देरी से चली है।

अजीतमल खेत में फंदे से लटका मिला मजदूर का शव

0

अजीतमल। गांव शाहपुर तुम्हरया में मजदूर का शव खेत में खड़े पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद शव को नीचे उतार लिया। परिजन से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था।कोतवाली के गांव शाहपुर तुम्हरया श्रीकृष्ण (35) मजदूर था। बुधवार रात आठ बजे घर से निकल गया था। गुरुवार सुबह गांव के बाहर खेत पर खड़े आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मजदूर का शव लटका मिला। जानकारी पर परिजन में कोहराम मच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पूछताछ में परिजन ने बताया कि श्रीकृष्ण की पत्नी मूल रूप से बंगाल की रहने वाली है जिसकी मानसिक स्थित ठीक नहीं है।श्रीकृष्ण की छह बहनों की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई रामचंद्र अहमदाबाद में नौकरी करता है। घटना के समय पत्नी घर थी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मजदूर शराब पीने का आदी था। इसी चक्कर ने खेती बेच दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: पति ने भाई के साथ मिलकर पत्नी व ससुरालियों को पीटा, तीन घायल

0

बिधूना। फफूंद थाना क्षेत्र स्थित गांव सेऊपुर में एक युवक ने अपने भाई व अन्य लोगों के साथ मिलकर पत्नी व ससुरालियों की पिटाई कर दी। बीचबचाव करने आई पत्नी की बहन व उसके पति को भी पीटा। घटना में सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना को देखते हुए गांव में कई थानों के फोर्स की तैनाती कर दी गई है।अवनीश कुमार निवासी गांव सेऊपुर ने भाईदूज पर अपने भाई सुनील के साथ मिलकर पत्नी राधा राजपूत की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी राधा की बहन कंचन उदी मोड़ थाना बढ़पुरा जनपद इटावा को हुई, तो वह अपने मायके वालों राजू, शिवम, आशीष, सोनू व पति सोहन के साथ बीचबचाव करने पहुंच गई। आरोपियों ने इन सभी के साथ भी मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। घटना के बाद अछल्दा, फफूंद, अजीतमल सहित औरया पुलिस को गांव में तैनात किया गया है।

क्षेत्राधिकारी अजीतमल अजय कुमार, औरया कोतवाल राजकुमार, थाना प्रभारी पंकज मिश्रा, महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर, फफूंद थाना प्रभारी जेपी पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे। पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि घटना में शामिल सात आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: उल्लास व उमंग बीच मनी दीपावली, गोवर्धन भगवान को लगा भोग

0

औरैया। दीपावली त्योहार पर दो दिनों तक उल्लास व उमंग का माहौल देखने को मिला। घरों को जहां इलेक्ट्रानिक झालरों से सजाया गया। रात में जमकर आतिशबाजी चली। वहीं, एक-दूसरे घर जाकर लोगों ने मिठाई खिलाते हुए दीप पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भगवान का पूजन करते हुए सुख समृद्धि की दुआ मांगी।

छोटी दीपावली से ही लोगों ने घरों को झिलमिल लाइटों से सजा दिया। निकायों के प्रमुख स्थानों से लेकर चौराहों व स्ट्रीट लाइटों पर भी झालरों से भव्यता बढ़ाई गई। प्रमुख मार्गों पर आवागमन करने के दौरान रोशनी का नजारा लोगों को आकर्षित करने वाला रहा। रातभर बच्चों व युवाओं ने जमकर आतिशबाजी चलाई। स्थिति यह रही कि पूरा आसमान पटाखों की रोशनी से जगमग नजर आया। वहीं बुधवार घरों में गोवर्धन पूजा की गई। मंदिरों में भी विशेष पूजा पाठ की गई। घरों में महिलाओं ने गोबर से एक परिवार की कलाकृति बनाई। वहीं दीपों से इसे जगमग किया। दिबियापुर, बिधूना, औरैया, अजीतमल, अटसू, फफूंद, सहार, बेला, एरवाकटरा, अछल्दा समेत सभी जगहों पर रौनक देखने को मिली।

बिधूना। बुधवार को गोवर्धन पूजा का पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने अपने घरों में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा अर्चना की। पूजा के दौरान भक्तों ने रोली, चावल, खीर, बताशे, दूध, पान, केसर, फूल और दीपक जलाकर गोवर्धन भगवान की आराधना की। इसके साथ ही गाय, बछड़ा और बैल की भी पूजा की गई। गोवर्धन महाराज की नाभि पर मिट्टी का दीपक रखकर भक्तों ने परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया।

लापरवाही : भाई दूज पर बिना हेलमेट और ट्रिपलिंग कर दौड़ाईं बाइकें

0

बिधूना। गोवर्धन पूजा के साथ कुछ जगहों पर भाई दूज का पर्व भी मनाया गया। बुधवार को बहनें अपने भाइयों को तिलक करने के लिए घरों से निकलीं। इस बीच बड़ी संख्या में लोग अपनी जिंदगी से खिलवाड़ करते हुए बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते नजर आए। वो यहीं तक सीमित नहीं रहे। छोटे-छोटे बच्चों को भी साथ बैठाए हुए थे।

त्योहार पर बिना हेलमेट के सड़कों पर तीन-तीन सवारियां बैठाकर लोग तेजी से बाइकें दौड़ाते दिखे। हालांकि प्रशासन की ओर से पहले ही यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा इसके बावजूद जमीनी स्तर पर इसका पालन कहीं नहीं दिखा। बुधवार को की गई पड़ताल में पाया गया कि करीब 80 प्रतिशत लोग बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए। चौराहों पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मियों ने भी ऐसे बाइक चालकों को नहीं रोका। लोगों का कहना है कि बिना हेलमेट बाइक चलाना न केवल जान जोखिम में डालना है, बल्कि यह कानूनन अपराध भी है। जीवन है तो त्योहार हैं, यह बात लोगों को समझनी होगी।

प्रशासन को चाहिए कि वह सख्ती के साथ नियमों का पालन करवाए ताकि किसी की खुशियों का त्योहार दुर्घटना में न बदल जाए। यातायात प्रभारी देवेन्द्र कुमार ने बताया कि ऐसे बाइक चालकों को मुख्य चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मी जागरूक कर रहे हैं। बिना हेलमेट व तीन सवारी पर बाइक चलाना अपराध है। ऐसे में कुछ का चालान किया गया है। (संवाद)

Auraiya News: दीपावली पर मारपीट व पत्थरबाजी के चार आरोपी गिरफ्तार

0

औरैया। दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। देखते ही देखते एक पक्ष ने दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने मामले दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 नामजद समेत 16 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बाद में दबिश देकर चार को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास में लग गई है।

सदर कोतवाली के गांव भरसेन निवासी धीरेंद्र का बेटा दीपावली पर घर के बाहर पटाखे चला रहा था। इसी दौरान एक पटाखा उछलकर गांव के ओमकरन के पक्ष पर जा गिरा। इसके बाद ओमकरन व उनके लोग गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर ओमकार, नरेंद्र, सुशील, दीपक, प्रदीप व पांच अज्ञात ने पिटाई कर दी। बाद में पथराव कर दिया। इससे धीरेंद्र, बेटा क्षितिज तोमर, मिनाक्षी, विंध्या देवी घायल हो गए। धमकी देने के बाद वहां से भाग गए। दूसरे पक्ष के ओमकरन दोहरे ने गांव निवासी धीरू, विपिन उर्फ छोटे, क्षितिज, अनुराग, उनके बेटा, प्रिंस पर मारपीट का आरोप लगाया। पिटाई से ओमकरण, उनका बेटा दीपक, सुशील, भाई केसर घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी। एक पक्ष से धीरेंद्र उनके भतीजे व दूसरे पक्ष से ओमकरन व उनके बेटे दीपक को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद लोग सोशल मीडिया गलत बयानी करने वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है।

———-
दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, पांच घायल
ककोर। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव ककोर में भी दीपावली की रात दो पक्ष सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे व ईंट पत्थर चल गए। एक पक्ष से राजेंद्र, कंचन, रवि व दूसरे पक्ष से सुनील, अजीत घायल हो गया। जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को शांत कराकर घायलों को दिबियापुर सीएचसी ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Auraiya News: गुड मोर्निंग औरैया के साथ वार्डों में पालिका की दस्तक

0

औरैया। नगर पालिका परिषद की ओर से इन दिनों वार्डों की समस्याओं को दूर करने की कवायद गुड मोर्निंग औरैया के साथ शुरू की जा रही है। रोस्टर बनाकर चिह्नित वार्डों में पालिका की रोजाना तड़के दस्तक हो रही है। वार्ड सभासदों व वासियों से उनकी समस्याएं सुनकर दूर किया जा रहा है।पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता के नेतृत्व में सफाई, बिजली व जलकल विभाग का अमला रोजाना वार्डों में पहुंच रहा है। कहां कौन सी लाइट खराब है। किस गली की सड़क खराब है। कहां सफाई नहीं हुई। कहां पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। इसकी सुध ली जा रही है। संबंधित विभाग के जिम्मेदार को त्वरित समस्या का समाधान करने के लिए कहा जा रहा है। खास बात तो यह है कि पालिकाध्यक्ष के साथ सभासद भी सुबह-सुबह वार्डों में पहुंच रहे हैं।

चाय की दुकानों से लेकर वार्डों की गलियों में पालिका के पहुंचने पर हर छोटी समस्या सामने आ रही है। जिसे दूर कराया जा रहा है। पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि गुड मोर्निंग औरैया के साथ सुबह का टहलना हो रहा है। साथ ही सभासदों व कर्मियों के साथ वार्डों में पहुंचकर उनकी समस्याएं दूर कराई जा रही है। यह पहल काफी कारगर साबित हो रही है। प्रत्येक वार्डवासी की व्यथा को दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है।

अजीतमल वाहन की टक्कर से महिला मौत

0

अजीतमल। कानपुर निवासी बेटी के पास से गांव लौट रही मां को वाहन ने हाईवे पर टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।क्षेत्र के गांव बिलावा निवासी शकुंतला देवी (52) के दो राहुल व गौरव दिल्ली में अपनी बहन के पास रहते हैं। बड़ा बेटा राहुल उर्फ बाउआ का परिवार गांव में रहता है। मंगलवार को शकुंतला अपनी बड़ी बेटी रत्ना जो कानपुर में रहती है के पास से अपने गांव बिलावा जा रही थी। कानपुर-इटावा हाइवे पर बिलावा पुलिया पर उतर गई तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई।

मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि वाहन की टक्कर से एक महिला को मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।

Auraiya News: दीपावली पर जिले का एक्यूआई पहुंचा 153, हवा की गुणवत्ता खराब

0

औरैया। जिले में सोमवार व मंगलवार को दीपावली मनाई गई। जमकर पटाखे छोड़े गए इससे बुधवार को जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को सुबह से दोपहर तक समय धुएं की चादर दिखाई दी। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार दो दिन में हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है। बुधवार दोपहर जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 153 दर्ज किया गया। जोकि खराब श्रेणी का माना जाता है।दीपावली के बाद हवा प्रदूषित हुई है। इसका असर मंगलवार सुबह से ही देखने को मिलने लगा था। बुधवार को दिनभर आसमान में धुंध छाई रही। जिले का एक्यूआई 153 तक पहुंच गया। सोमवार व शनिवार को यही एक्यूआई 105 से 110 के आसपास था। दीपावली पर चले पटाखों के कारण भी एक्यूआई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके कारण बुधवार सुबह सैर-सपाटे पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी कम रही। खासतौर पर लोग बाहर निकलने से बचते नजर आए। ये वो लोग रहे जो हृदय व सांस संबंधी बीमारी से ग्रसित हैं। स्मॉग से आंखों में जलन, सांस संबंधी परेशानियां, फेफड़ों में संक्रमण, सिरदर्द, अनिद्रा, और त्वचा संबंधी बीमारियां बढ़ने की संभावना है। हालांकि अभी मरीजों की संख्या अस्पतालों में नहीं बढ़ी है।

धीरे-धीरे ठंडक बढ़ने लगी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन की अपेक्षा रातें सर्द हो रही हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामपलट के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और भी बढ़ेगी। वहीं, बुधवार को हवा का एक्यूआई 153 तक पहुंच गया है। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि धुंध से खांसी, गले और छाती में संक्रमण हो सकता है। जिन्हें अस्थमा है, उनके लिए यह खतरनाक है। सांस लेने में दिक्कत होने से बुखार भी हो सकता है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, सांस के मरीजों के लिए ये कण ज्यादा नुकसानदेह हैं।

—————————–

दीपावली पर दो करोड़ से ज्यादा के बिके पटाखे
पटाखा विक्रेताओं की माने तो जिलेभर की 315 दुकानों पर दीपावली सीजन में दो करोड़ से ज्यादा पटाखे बिक्री हुए हैं। छोटी दीपावली से अब तक रोजाना रात में पटाखे खूब चल रहे हैं।