Thursday, February 12, 2026
Home Blog Page 288

Lucknow News: निजी एंबुलेंस का किराया होगा तय, मनमानी पर लगेगी रोक

0

लखनऊ। राजधानी की निजी एंबुलेंस की मनमानी अब नहीं चल पाएगी। निजी एंबुलेंस का किराया तय होगा। इसे लेकर परिवहन विभाग प्रस्ताव शासन को भेज रहा है। शासन से अनुमति मिलने के बाद निजी एंबुलेंस का किराया तय किया जाएगा। अफसरों का कहना है प्रक्रिया पूरी होने में करीब एक से डेढ़ माह का वक्त लग सकता है।राजधानी में निजी एंबुलेंस मरीजों को ले जाने के लिए हवाई जहाज से भी महंगा किराया वसूल रही हैं। रेट तय न होने से निजी एंबुलेंस संचालक मरीजों को लूट रहे हैं। अमर उजाला ने प्रमुखता से इस मुद्दे को उठाया है। अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि शहरी क्षेत्र के आठ से दस किमी दायरे में निजी एंबुलेंस चालक 100-120 रुपये प्रति किमी की दर से किराया वसूलते हैं। 100 किमी या इससे ज्यादा दूरी के लिए 30-40 रुपये प्रति किमी किराया लेते हैं। एडवांस लाइफ सपोर्ट वाली एंबुलेंस में यह किराया और भी महंगा हो जाता है। एंबुलेंस चालकों को इससे फर्क नहीं पड़ता कि कितना गरीब है। अमर उजाला ने खबरें प्रकाशित होने पर परिवहन विभाग के अफसरों ने केजीएमयू पहुंचकर करीब 35 निजी एंबुलेंस की जांच की है। अफसरों को चालकों को हिदायत दी है कि 10 रुपये प्रति किमी दर से ही किराया लें। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात कुमार ने पांडेय ने बताया निजी एंबुलेंस का किराया तय करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। शासन की स्वीकृति के बाद जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में निजी एंबुलेंस के लिए किराये की दरें निर्धारित की जाएंगी। इसके बाद भी कोई एंबुलेंस अधिक किराया वसूलेगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

Lucknow News: नगर निगम में संपूर्ण समाधान दिवस आज

0

लखनऊ। शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम की ओर से शुक्रवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। आयोजन लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। इस दौरान टैक्स निर्धारण, जल आपूर्ति, साफ-सफाई की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन और कूडा उठाने सहित शहरी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लोगों से शिकायत से संबंधित जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।

Lucknow News: लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी चल रहा था विनोद अस्पताल

0

लखनऊ। लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी गोमतीनगर स्थित विनोद अस्पताल चलता रहा। बृहस्पतिवार को मरीज की शिकायत मिलने पर डीएम ने सीएमओ को अस्पताल के संचालन पर रोक के निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल पर नोटिस चस्पा किया गया। नोटिस लगने बाद संचालक ने अस्पताल बंद कर दिया है।गोमतीनगर के खरगापुर कौशलपुरी निवासी नीरज मिश्रा वर्ष 2022 में सड़क हादसे में जख्मी हो गए थे। उन्हें पास के विनोद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दाहिने पैर की हड्डी टूटने पर डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही। 29 अप्रैल 2022 को आधी रात में विनोद अस्पताल से नीरज को कुर्सी रोड के ग्रीन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया। यहां देर रात ऑपरेशन कर रॉड डाली गई। इसके आधे घंटे बाद नीरज को दोबारा विनोद हॉस्पिटल भेज दिया गया, जहां वह 14 दिन तक भर्ती रहे। डिस्चार्ज होने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। फिर एक-एक कर उनके आठ ऑपरेशन किए गए, जिनमें लाखों रुपये खर्च हुए।

नीरज ने सीएमओ कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों के बयान व साक्ष्य के आधार पर कमेटी ने विनोद अस्पताल को दोषी पाया। 18 जुलाई को इसका लाइसेंस निरस्त करने का आदेश कर खानापूर्ति कर दी गई थी। उधर, अस्पताल चलता रहा। नीरज ने डीएम से शिकायत की तो सख्ती हुई। सीएमओ ऑफिस से पहुंची टीम ने अस्पताल बंद करने का नोटिस चस्पा किया। इसके बाद संचालक ने मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कराकर अस्पताल बंद कर दिया है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि अस्पताल बंद करा दिया गया है। अस्पताल संचालक डॉ. विनोद का कहना है अस्पताल अब पूरी तरह बंद है।

Lucknow News: लोहिया संस्थान में अब रोबोट से किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी

0

लखनऊ। लोहिया संस्थान ने तीन महीने में 100 मरीजों की रोबोटिक सर्जरी करने में कामयाबी हासिल की है। इनमें से 75 फीसदी मरीज प्रोस्टेट, ब्लैडर, एडिनल ग्लैंड कैंसर के थे। बाकी किडनी व यूरोलॉजी से संबंधित बीमारियों के थे। अब रोबोट से किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी है। संस्थान के निदेशक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।विभाग के अध्यक्ष डॉ. ईश्वर राम ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी पूरी तरह से सुरक्षित है। इससे सबसे अधिक किडनी, प्रोस्टेट के कैंसर मरीजों की सर्जरी की गई। ब्लैडर और एडिनल ग्लैंड के कैंसर के मरीजों को भी राहत मिली है। पेशाब के रास्ते से रुकावट व खराब किडनी निकालने में भी रोबोटिक सर्जरी का सहारा लिया गया।निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि रोबोट से किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभी ओपेन सर्जरी से किडनी प्रत्यारोपण किए जा रहे हैं। एक वर्ष में 500 से अधिक ऑपरेशन रोबोट से करने का लक्ष्य है।

लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के शुल्क में रोबोटिक सर्जरी

डॉ. ईश्वर राम ने बताया कि निजी अस्पतालों से करीब तीन गुना कम कीमत पर संस्थान में रोबोटिक सर्जरी हो रही है। लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के शुल्क पर ही यह सर्जरी की जा रही है। अब संस्थान रोबोटिक सर्जरी के लिए अलग से शुल्क तय करेगा, जो सामान्य ही रखा जाएगा। रोबोटिक सर्जरी करने वाली टीम में डॉ. ईश्वर राम, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. संजीत कुमार सिंह, डॉ. अंकुश, डॉ. शिवानी, डॉ. नंदन शामिल हैं।

Lucknow News: जून व जुलाई में लखनऊ में सामान्य से 26 फीसदी कम हुई बारिश

0

लखनऊ। माैसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को लखनऊ में बीते दो माह में हुई बारिश का आंकड़ा जारी किया गया। आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 31 जुलाई के बीच दो माह में लखनऊ में सामान्य से 26 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। माैसम विभाग का कहना है कि मानसून के बचे हुए दो महीनों अगस्त और सितंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान है।आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बनाया कि 1 जून से लेकर 31 जुलाई के बीच लखनऊ में सामान्य ताैर पर 317.3 मिमी बारिश रिकार्ड की जाती है। इस मानसून में बीते जून और जुलाई में राजधानी में सामान्य से 26 फीसदी कम 234.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि आने वाले दो महीनों अगस्त और सितंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश के संकेत हैं।

बृहस्पतिवार को लखनऊ में सुबह से ही रिमझिम फुहारें पड़ीं जिससे दिन भर माैसम सुहाना रहा। दिन के पारे में 1.8 डिग्री की गिरावट आई। माैसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी यहां छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। अगले दो दिन अच्छी बारिश के आसार कम हैं। शाम तक कुल 1.9 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री की गिरावट के साथ 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। वहीं रात का तापमान 0.8 डिग्री की बढ़त के साथ 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Lucknow News: बिना चीरा लगाए खत्म कर दी गले में पनपी गांठ

0

लखनऊ। गले में पनपी गांठ को लोहिया संस्थान के डॉक्टरों ने विशेष सुई के जरिये वेबस हीट देकर खत्म कर दिया। संस्थान में पहली बार माइक्रोवेव एब्लेशन तकनीक से थायराइड ग्रंथि में पनपी गांठ का इलाज किया गया। इसमें मरीज के गले में चीरा तक नहीं लगाना पड़ा।

गोरखपुर निवासी 32 वर्षीय युवती के गले में गांठ बन गई थी। इससे उन्हें गले में दर्द व भोजन निगलने समेत कई परेशानियां हो रही थीं। परिवारीजन उन्हें लोहिया संस्थान लेकर आए। यहां इंडोक्राइन सर्जरी विभाग में डॉ. सारा इदरीस ने गले का अल्ट्रासाउंड व अन्य जांचें करवाईं। इसमें गले में स्थित थायराइड ग्रंथि में तीन सेमी से ज्यादा बड़ी गांठ की पुष्टि हुई। यह कैंसर से प्रभावित थी या सामान्य, इसका पता लगाने के लिए एफएनएसी जांच कराई गई। जांच में गांठ सामान्य निकली। इसके बाद माइक्रोवेव एब्लेशन विधि से इलाज का फैसला किया गया। डॉ. सारा ने बताया कि विशेष सुई से गांठ में वेबस हीट देकर जलाया गया। यह तकनीक पारंपरिक सर्जरी की तुलना में अधिक सुरक्षित है।

रोबोटिक सर्जरी करने वाली टीम। 

रोबोटिक सर्जरी करने वाली टीम।

Bulandshahr: स्याना हिंसा मामले में आज सुनाई जाएगी सभी 38 दोषियों को सजा, पहले होगी बहस… दोपहर बाद फैसला

0

स्याना हिंसा में दोषी करार दिए गए सभी 38 दोषियों को शुक्रवार (आज) एडीजे 12 गोपालजी के न्यायालय में सजा सुनाई जाएगी। सभी दोषियोें को सुबह 11 बजे तक न्यायालय स्थित हवालात लाया जाएगा। इसके बाद न्यायालय में इनके अधिवक्ता सजा के सवाल पर बहस करेंगे। बहस पूरी होने पर दोपहर बाद फैसला आ सकता है। दोषियों में जिला पंचायत सदस्य योगेश राज, भाजपा नेता सचिन अहलावत और निषाद पार्टी का पदाधिकारी शिखर अग्रवाल भी शामिल है।शासन की ओर से नियुक्त किए गए स्पेशल काउंसिल अधिवक्ता ने बताया कि तीन दिसंबर 2018 को स्याना की चिंगरावठी चौकी पर गोवंश कटान के बाद हुए बलवे में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और चिंगरावठी निवासी युवक सुमित कुमार की मौत हो गई थी। करीब डेढ़ साल से सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर लगातार सुनवाई हो रही थी। बुधवार को न्यायालय ने सभी 38 अभियुक्तों को मामले में दोषी करार दिया था। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। मामले में एक अन्य बाल अपचारी है, जिसकी पत्रावली बाल न्यायालय में विचाराधीन है।इंस्पेक्टर की पत्नी ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट : अभियुक्तों के दोषसिद्ध होने की जानकारी मृतक इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी सिंह को स्पेशल काउंसिल अधिवक्ता यशपाल सिंह ने फोन पर दी। इसके बाद रजनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से आरोपियों की दोषसिद्ध होने की जानकारी शेयर की। उन्होंने फोन पर बातचीत में कहा कि भविष्य में भी आरोपियों के खिलाफ न्याय की जंग जारी रहेगी।

अजीतमल जुहीखा गांव में यमुना का पानी खतरे के निशान से ऊपर

0

अजीतमल (औरैया)। कोटा बैराज से छोड़े गए तीन लाख क्यूसेक पानी से यमुना नदी उफान पर है। मंगलवार को जुहीखा गांव में जलस्तर खतरे के निशान 113 मीटर को पार कर गया।वहीं यमुना किनारे बीहड़ पट्टी में बसे दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गौहानी कलां समेत कई गांव में पानी घुसने से उनका अन्य गांवों से संपर्क टूट गया है। सिकरोड़ी में भी पानी घुसने का खतरा है।जिला प्रशासन ने बाढ़ की चपेट में आने वाले गांवों के लोगों को गांव खाली कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं। राजस्व व विकास विभाग की टीम यमुना किनारे बसे गांवों पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं पुलिस भी मुस्तैद है। लोगों को बाढ़ के पानी से दूर रखा जा रहा है।

मंगलवार सुबह आठ बजे तक जुहीखा पुल के पास बनाए गए जल मापक प्वाइंट पर पानी 113.980 मीटर तक पहुंच गया। जबकि यहां खतरे का निशान 113 मीटर पर है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से गौहानी कलां संपर्क मार्ग पर पानी घुस गया है। इससे रपटा पुल डूब गया है। उसके ऊपर से पानी बह रहा है। इससे गांव का संपर्क अजीतमल व अन्य गांवों से कट गया है।

सिकरोड़ी पुल से होकर इटावा को जाने वाली सड़क के किनारे तक पानी पहुंच गया है। आशंका है कि अगर जलस्तर बढ़ता रहा तो इटावा को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी बंद हो जाएगा। यमुना किनारे बसे सिकरोड़ी, जुहीखा व बड़ेरा आदि गांवों के किनारे तक पानी पहुंच चुका है। इससे इन गांवों में बाढ़ का खतरा ज्यादा है। गांव में निचले स्थानों पर रह रहे परिवार पलायन की तैयारी में हैं।

बाढ़ राहत चौकी बनाए गए प्राथमिक विद्यालय हनुमानगढ़ी पहुंचे अधिकारी
यमुना के बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए एसडीएम निखिल राजपूत व बीडीओ अतुल यादव ने मंगलवार को सिकरोड़ी व बड़ेरा गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ राहत चौकी बनाए गए प्राथमिक विद्यालय हनुमान गढ़ी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात लेखपालों को खराब हैंडपंप सही कराने, टैंकरों से पीने के पानी की सप्लाई कराने और बिजली व सफाई व्यवस्था ठीक कराने के आदेश दिए। उन्होंने सिकरोड़ी गांव का भी जायजा लिया। गांव के लोगों से शाम तक स्थिति को देखते हुए बाढ़ चौकियों एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचने के लिए तैयार रहने के लिए कहा।

गौहानी कलां मार्ग पर भरे पानी में चलेंगी दो नाव
एसडीएम ने गौहानी कलां मार्ग पर पानी को देखते हुए गांव आने-जाने के लिए दो नावों की व्यवस्था करने के आदेश दिए। एसडीएम निखिल राजपूत ने बताया कि यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। अभी कुछ गांव के किनारे तक ही पानी पहुंचा है। लोगों से पानी बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए कहा गया है।

बाढ़ से इन गांवों में बढ़ रहा खतरा
तहसील अजीतमल में यमुना किनारे बसे ग्राम गौहानी कलां, बड़ेरा, सिकरोड़ी, जुहीखा, सिमार, गूंज, फरिहा, बीजलपुर, जाजपुर, असेवा, सड़रापुर, सिखरना, असेवटा, बंसियापुर, गौहानी खुर्द, मिश्रपुर मानिकचंद्र, भूरेपुर कला, पहाड़पुर व ततारपुर कलां में बाढ़ का खतरा है। साल 2019 व 2021 में यह गांव यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित हुए थे। ज्यादा बारिश होने व कोटा बैराज से चंबल नदी में पानी छोड़े जाने से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। इससे खार व ऊंचे-नीचे टीलों के मध्य कटानों से होकर यमुना का पानी गांव की तरफ आकर सड़कों पर भर जाता है। इससे आवागमन अवरुद्ध हो जाता है।

बीते पांच सालों में हुई जनहानि
वर्ष 2019 में आई बाढ़ से ग्राम सिकरोड़ी, जुहीखा, गूंज व बड़ेरा समेत पांच गांवों की आबादी सर्वाधिक प्रभावित हुई थी। वर्ष 2019 की बाढ़ के दौरान एक ग्रामीण की मौत हुई थी। वर्ष 2021 में गौहानी कलां, बड़ेरा, सिकरोड़ी, जुहीखा, सिमार, गूंज, फरिहा, बीजलपुर, जाजपुर, असेवा व असेवटा समेत 11 गांवों की आबादी प्रभावित हुई थी।

एरवाकटरा मवेशी बचाने में बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, तीन युवक दबे

0

एरवाकटरा। अचानक सामने मवेशी आने से खाद से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। उसमें सवार तीन युवक ट्रॉली के नीचे दब गए। मौके पर खड़ी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद सीएचसी ले गए। वहां से गंभीर रूप से घायल दो को रेफर कर दिया गया।जनपद कन्नौज थाना सौरिख के गांव नगला चौधरी निवासी विक्रांत सिंह (20), अंकित (21) और मनु (20) बुधवार को ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव एरवाकटरा गए थे। यहां खाद लेकर घर जा रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे छिबरामऊ रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक ट्रॉली के सामने मवेशी आ जाने से ट्रैक्टर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद आगे जाकर पलट गया। हादसे में तीनों ट्राली के नीचे दब गए।मौके पर खड़ी डायल 112 के पुलिस कर्मी घायलों राहगीरों की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद सीएचसी ले गए। वहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद विक्रांत व मनु को सैफई के लिए रेफर कर दिया। इसी उनके परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को आगरा ले गए।

अवधेश सिंह ने बताया कि बेटे विक्रांत की थल सेना में 15 दिन बाद फिजिकल परीक्षा है। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तीन घायलों में दो को रेफर कर दिया गया।

कंचौसी ट्रेन से युवक को धक्का मारने के आरोपी को जेल

0

कंचौसी। चलती ट्रेन से युवक मुकेश को धक्का मारने के आरोपी अनुज यादव के खिलाफ जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज की थी। जीआरपी ने पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे इटावा जेल भेज दिया गया। हादसे में मुकेश के दोनों पैर कट गए।कस्बा कंचौसी के मोहल्ला मुखर्जी नगर निवासी मुकेश कुमार 28 जुलाई को कानपुर से मेमू से घर लौट रहे थे। सफर के दौरान बिधूना की चौकी रुरुगंज के गांव नगला लालजू रुरुखुर्द निवासी अनुज यादव से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।कंचौसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद मुकेश नीचे उतरने लगे। तभी आरोपी अनुज यादव ने उसे ऊपर खींच लिया। इसी बीच ट्रेन चल दी तो आरोपी ने चलती ट्रेन से मुकेश को धक्का मार दिया था। ट्रेन के नीचे आने से उसके दोनों पैर कट गए।

बुधवार को मां ममता देवी की तहरीर पर इटावा जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक इटावा दिनेश शर्मा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया।